आगरा। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने उद्बोधन में आगरा को इंटरनेशनल सिटी बनाने का तो जिक्र किया, लेकिन वे कई वर्षो से प्रस्तावित सिविल एयरपोर्ट पर एक शब्द नहीं बोले। मंच पर सधे हुए लहजे में सरकार की तमाम उपलब्धियों को गिनाई। इस दौरान उन्होंने आगरा में मेट्रो के संचालन को लेकर डीपीआर तैयार होने की बात कही।

आज का दिन आगरा के लिए स्वर्णिम दिन- चीफ सेक्रेटरी

प्रदेश के चीफ सेक्रेटरी राहुल भटनागर ने कहा कि बनारस में वरुणा नदी, वृंदावन में यमुना पर चैनलाइजेशन का काम चल रहा है। सरकार ने कई इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किए है। लखनऊ में मेट्रो पर काम चल रहा है। कानपुर, बनारस में डीपीआर तैयार की जा रही है। आगरा की डीपीआर तैयार हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने लोगों की सुविधा के लिए डायल-100 की योजना शुरु की है, जिसे 22 करोड़ लोग सर्व कर रहे हैं।

सीएम को पर्यावरण संरक्षण के लिए किया सम्मानित

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को एक दिन में पांच करोड़ पौधारोपण कर प्रदेश का नाम गिनीज बुक ऑफ व‌र्ल्डस रिकॉर्ड में दर्ज कराया। इसके लिए लंदन में सीएम को पर्यावरण संरक्षण के लिए सम्मानित किया। इनका पुरस्कार लंदन में प्रमुख सचिव वन एवं पर्यटन संजीव सरन ने ग्रहण किया। उस प्रशस्ति पत्र से सीएम को चीफ सेक्रेटरी राहुल भटनागर व प्रमुख सचिव वन संजीव सरन ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा पर्यावरण संरक्षण में प्रदेश अन्य प्रदेशों के लिए उदाहरण बना है। हमने एक दिन में पांच करोड़ पौधे लगाए। हमने उनके संरक्षण का भी ध्यान रखा है। हमारे विरोधियों को चिन्ता होगी कि वे पेड़ जिन्दा हैं या नहीं।