आगरा(ब्यूरो)। 10 मिनट के रास्ते के लिए दो घंटे का समय चाहिए। कस्टमर बाजार में आने से कतराता है। जबकि ये मुख्य बाजार है। आरओबी का शिलान्यास हुआ लेकिन निर्माण कब शुरू होगा, इसका कुछ अता-पता नहीं है। कुछ ऐसी ही पीड़ा शाहगंज के व्यापारियों की है। सालों के इंतजार के बाद 2021 में शिलान्यास हुआ लेकिन निर्माण अब तक शुरू नहीं हो सका है।

दिनभर रहते हैं जाम के हालात
शाहगंज में रुई की मंडी पर आरओबी न होने पर पूरे दिन जाम के हालात रहते हैं। कई सालों से आरओबी बनाने की मांग की जा रही है। वर्ष 2019 में प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। रुई की मंडी के फाटक संख्या 75, 77 और 496 को जोड़ते हुए नगला छऊआ तक आरओबी के लिए 125 करोड़ रुपए मंजूर हो गए। अगस्त 2021 में इसके निर्माण के लिए भूमि पूजन कर शिलान्यास भी कर दिया गया। 3 साल बीतने पर इसके लिए एक ईंट तक नहीं रखी जा सकी।

डिजाइन को लेकर अटका प्रोजेक्ट
आरओबी डिजाइन तय नहीं हो पाने के कारण निर्माण कार्य लटक गया। हालत ये है कि 2024 आ गया, लेकिन आरओबी बनने की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई। आगरा फोर्ट, ईदगाह से बयाना की ओर ट्रेन जाने पर रुई की मंडी पर फाटक बंद कर दिए जाते हैं। इससे जाम की स्थिति रहती है। स्कूली बच्चे, मरीज समेत अन्य लोग परेशान होते हैं। रुई की मंडी पर आरओबी बनने से अर्जुन नगर, अजीत नगर, ख्वासपुरा, रुई की मंडी, नरीपुरा, धनौली, मलपुरा, जगनेर रोड, ईदगाह क्षेत्र के 5 लाख से अधिक लोगों को सुविधा मिलेगी।

1 हजार से अधिक दुकानें
125 करोड़ रुपए की लागत
2019 में प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी
2021 में प्रोजेक्ट का हुआ शिलान्यास

रुई की मंडी आरओबी को लेकर लगातार प्रयासरत हैं। अधिकारियों से बात की जा रही है। अधिकारियों ने बताया है कि आरओबी निर्माण के लिए टेंडर अपलोड कर दिया गया है। जल्द ही आरओबी का निर्माण शुरू कराया जाएगा।
डॉ। जीएस धर्मेश, विधायक, आगरा कैंट


रुई की मंडी पर आरओबी का निर्माण प्रस्तावित है। इस आरओबी की निर्माण प्रक्रिया अभी अंडर प्रोसेस है।
प्रशस्ति श्रीवास्तव, पीआरओ, आगरा रेल मंडल


आरओबी को लेकर कुछ भी नहीं हो पाया। कस्टमर आता है बाजार में 10 मिनट के लिए, लेकिन उसे समय चाहिए दो घंटे का। क्योंकि जाम और ट्रैफिक ही इस कदर रहता है। जबकि शाहगंज प्रमुख बाजार है। सरकारी विभाग इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे। अब तो ईदगाह स्टेशन डेवलप किया जा रहा है। इससे यहां ट्रैफिक और बढ़ेगा। इसको मैनेज करने का सबसे आसान तरीका है कि आरओबी का निर्माण कराया जाए।
कृष्ण कुमार जग्गी, अध्यक्ष, शाहगंज व्यवसाय समिति

रुई की मंडी फाटक बंद होने से जाम लग जाता है। फाटक खुलने के घंटों बाद भी वाहन ट्रैफिक में फंसे रहते हैं। ऐसे में कस्टमर बाजार में आने से कतराते हैं। इसके चलते व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ता है।
गौरव अग्रवाल, व्यापारी

शाहगंज मार्केट जब भी जाते हैं, फाटक बंद मिलता है। इसके बाद फाटक खुल भी जाता है तो जाम लग जाता है। ट्रैफिक आगे बढ़ ही नहीं पाता। ऐसे में इस बाजार में जाने में भी डर लगता है।
- प्रेम

दोपहर में स्कूल्स की छुट्टी के समय हालात ज्यादा बिगड़ जाते हैं। चिलचिलाती धूप में बच्चों के स्कूली वाहन ट्रैफिक में फंस जाते हैं। पुलिसकर्मियों की तैनाती के बाद भी जाम की स्थिति रहती है।
- विवेक

आरओबी अगर बन जाए तो शहर के बड़े एरियाज को राहत मिलेगी। शाहगंज, नगला छऊआ की तरफ लगने वाला जाम नहीं लगेगा।
- अजय