अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचा

आगरा : प्री मानसून बारिश का रिकार्ड बन गया। पिछले 36 घंटे में 49 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं, ताऊ ते तूफान से बने कम दबाव के क्षेत्र से बुधवार को सुबह से ही बारिश शुरू हो गई। दिन भर बादल छाए रहे। गर्मी में सर्दी का अहसास होने लगा। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया।

गर्मी में सर्दी का अहसास

ताऊ ते तूफान के चलते एक सप्ताह पहले ही प्री मानसून की बारिश शुरू हो गई। मंगलवार के बाद बुधवार को भी सुबह से ही बारिश होने लगी। सुबह सात से आठ बजे तक तेज बारिश हुई, इसके बाद बूंदाबांदी होने लगी। 10 बजे के बाद दोबारा तेज बारिश शुरू हो गई। अर्जुन नगर, ताजगंज, सिकंदरा, कमला नगर, दयालबाग और शाहगंज में तेज बारिश हुई। दोपहर में धूप नहीं निकली, बादल छाए रहे। इसके साथ ही तेज हवा चली। इससे गर्मी में सर्दी का अहसास होने लगा। शाम चार बजे फिर बूंदाबांदी होने लगी। शाम 6.30 बजे तेज बारिश होने लगी। दयालबाग शिक्षण संस्थान के पर्यावरण वैज्ञानिक डॉ। रंजीत कुमार ने बताया कि तूफान के कारण कम दबाव का क्षेत्र बनने से प्री मानसून की बारिश एक सप्ताह पहले शुरू हो गई है। प्री मानसून की यह रिकार्ड बारिश है।

ये रहा टेम्प्रेचर

दिन भर बादल छाए रहे और बारिश से अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से 17 डिग्री सेल्सियस कम 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य 25 डिग्री सेल्सियस से तीन डिग्री सेल्सियस कम 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

एसी कूलर बंद, पंखा चलाने पर भी सर्दी

दिन भर बादल छाए रहने और तापमान में गिरावट आने से एसी और कूलर बंद हो गए। पंखा चलाने पर भी सर्दी का अहसास हुआ।

आज तेज बारिश और आंधी की संभावना

मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार गुरुवार को बादल छाए रह सकते हैं। इसके साथ ही तेज बारिश की आशंका है। 30 से 60 किलोमीटिर प्रति घंटा की गति से आंधी चल सकती है।

19 मई को अधिकतम तापमान, न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में

2021 25.4, 22.2

2020 43. 2, 26. 6

2019 29. 8 23 । 8

2018 43 28. 8

बारिश हुई रिकॉर्ड

बुधवार सुबह 8.30 बजे तक बारिश 29. 3 एमएम

बुधवार सुबह 8.30 बजे से शाम सात बजे तक बारिश 20 एमएम