बड़ा हादसा, हाइवे रहा जाम

घटना मंगलवार रात करीब साढ़े तीन बजे की है। घने कोहरे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात से ही वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई थी। विजिबिलिटी शून्य होने से कई चालकों ने अपने ट्रकों को हाईवे के किनारे खड़ा कर दिया था। ट्रांस यमुना थानाक्षेत्र में शाहदरा चुंगी फ्लाई ओवर से झरना नाले की ओर जाने वाले मार्ग पर एक के बाद 16 वाहन आपस में भिड़ गए। दुर्घटनाग्रस्त होने वाले वाहनों में पांच ट्रक, दो बस, एक ऑटो व अन्य वाहन थे।

ड्राइवर की मौत, कई घायल

थानाध्यक्ष ट्रांस यमुना सुमनेश विकल ने बताया कि दुर्घटना में ट्रक चालक उमेश चंद्र यादव की मृत्यु हो गई। वह गांव भदेवना बेहटा बुजुर्ग थाना घाटमपुर, कानपुर का रहने वाला था। घायलों के नाम धीरेंद्र ङ्क्षसह निवासी पुरा भारमल थाना बिधूना औरेया, श्याम सुंदर और रामवीर निवासी देव नगर, जैन मंदिर के पास फिरोजाबाद और मुकर्रम निवासी नदराला, अलीगंज एटा हैं। चारों को यमुना पार के अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत खतरे से बाहर है। दो अन्य घायलों को एसएन इमरजेंसी भेजा गया, वह प्राथमिक उपचार के बाद वहं से चले गए। हादसे में अन्य लोग भी मामूली चुटैल हुए। कई वाहन अधिक क्षतिग्रस्त नहीं हुए थे। वह दुर्घटना के बाद चले गए।

मुर्गे-मुर्गियों को लूट ले गए लोग

आगरा-फिरोजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोहरे के कारण वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसमें भरी मुर्गे-मुर्गियों की लूट शुरू हो गई। हाईवे से निकलते राहगीर जिसे भी मौका मिला, वह मुर्गे-मुर्गियों को गाड़ी में रखे ङ्क्षपजरे से निकालकर ले गया। कोई हाथ में मुर्गे-मुर्गियों को लेकर भाग रहा था। किसी ने अपने साथ लाए बोरे में उन्हें भरा और वहां से चलता बना। सरेआम मुर्गे-मुर्गियों की हो रही लूट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वाहन में करीब डेढ़ लाख रुपए के मुर्गे-मुर्गी भरे थे।

---

हाइवे पर किनारे खड़े ट्रक्स घने कोहरे में एक-दूसरे से टकरा गए। इस हादसे में करीब 16 वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं। दुर्घटना में ट्रक चालक उमेश चंद्र यादव की मृत्यु हो गई। वह गांव भदेवना बेहटा बुजुर्ग थाना घाटमपुर, कानपुर का रहने वाला था। वहीं, दूसरी ओर दुर्घटनाग्रस्त वाहन से मुर्गी चुराने वालों का चिह्नित किया जा रहा है। सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी।

- सुमनेश विकल, थानाध्यक्ष, थाना ट्रांस यमुना

---

आज का मौसम

गुरुवार को घना कोहरा छाया रहेगा। दोपहर में धुंध रहेगी। इससे गलन बढ़ेगी।

---

तिथि, अधिकतम तापमान, न्यूनतम तापमान

27 दिसंबर, 20.8, 9.9

28 दिसंबर, 19.0, 10.0

29 दिसंबर, 20.0, 11.0

अधिकतम व न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में है।

----

सूर्यास्त: 5:33

सूर्योदय: 7:07

----

नमी

97

74

---

कोहरे में थमी रफ्तार

-घने कोहरे में रोडवेज बसों का नहीं होगा संचालन

-बुधवार को सात बसों को किया गया रद

-ट्रेनों के लेट होने से परेशान रहे यात्री, फ्लाइट कैंसिल

आगरा: घने कोहरे में रोडवेज बसों का संचालन नहीं होगा। चालकों को सुरक्षित जगह पर बसों को खड़ा करने की हिदायत दी गई है। कोहरे के चलते बुधवार को सात बसों को रद कर दिया गया। इसमें हरिद्वार, दिल्ली, मुरादाबाद और लखनऊ रूट की बसें शामिल हैं। वहीं, ट्रेनों एक से पांच घंटे तक लेट रहीं। कैंट और आगरा फोर्ट स्टेशन में यात्री ट्रेनों का इंतजार करते रहे।

ड्राइवरों को दी हिदायत

क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज बीपी अग्रवाल ने बताया कि दो दिन से देर रात से कोहरा हो जाता है। सुबह कोहरा रहता है। सभी बस ड्राइवरों को हिदायत दी गई है कि विजिबिलिटी शून्य होने पर बसों को सुरक्षित जगहों पर खड़ा कर दिया जाए। कोहरे के चलते बुधवार को सात बसों का संचालन नहीं हो सका। ठंड के चलते रात में यात्रियों की संख्या में तेजी से कमी आई है। वहीं लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनें एक से पांच घंटे की देरी से चल रही हैं। इसमें तीन स्पेशल ट्रेन, महाकौशल, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, एपी एक्सप्रेस सहित अन्य शामिल रहीं।

---

भोपाल फ्लाइट रद

कोहरे के चलते बुधवार को भोपाल-आगरा फ्लाइट को रद कर दिया गया। वहीं, अहमदाबाद और लखनऊ फ्लाइट पांच से दस मिनट की देरी से खेरिया एयरपोर्ट पर पहुंची। एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में छह फ्लाइट का संचालन हो रहा है।

---

बारिश के बीच बोलिए 'हैप्पी न्यू ईयरÓ

-बुधवार सुबह और शाम घने कोहरे ने थामी वाहनों की रफ्तार

-मौसम विभाग का तीन दिन घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान

आगरा: शहर में बुधवार सुबह और शाम घने कोहरे की चादर ने वाहनों की रफ्तार थामने के साथ आम जनजीवन भी प्रभावित किया। गलन अधिक होने से सर्दी बढ़ गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी तीन दिन तक घना कोहरा लोगों को सताएगा। साल का अंत बारिश के साथ होगा।

आसमान में कोहरे की चादर

शहर में बुधवार रात 6 बजे से ही कोहरा छाने लगा था। शाम सात बजे तक सड़क पर विजिबिलिटी 10 मीटर तक थी जबकि रात 8 बजे तक यह शून्य हो गई। जबकि मंगलवार सुबह सात बजे के बाद खुले क्षेत्रों के साथ ही आवासीय क्षेत्र में भी घना कोहरा छा गया। विजिबिलिटी 10 से 15 मीटर रहने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। हाईवे व सड़कों पर वाहन चालक हेड लाइट और इंडीकेटर जलाकर चलाते नजर आए। सुबह 11 बजे तक यही स्थिति रही। इसके बाद धूप जरूर निकली, लेकिन धुंध का असर रहा। बुधवार शाम से ही सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। वाहन चालकों को इसकी वजह से काफी परेशानी उठानी पड़ी। अधिकतम तापमान में गिरावट आने की वजह से गलन अधिक रहने से सर्दी से लोग परेशान रहे। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 28 से 30 दिसंबर तक घना कोहरा लोगों को परेशान करेगा। 30 दिसंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और आंशिक बादल छाएंगे। 31 की शाम हल्की वर्षा हो सकती है।

---

30 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसका असर 31 दिसंबर को होगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की वारिश हो सकती है।

- मो। दानिश, मौसम विज्ञानी

---

सुबह नजर नहीं आया ताजमहल

बुधवार सुबह कोहरा छाने का असर ताजमहल पर भी नजर आया। सुबह स्मारक देखने पहुंचे पर्यटकों को वीडियो प्लेटफार्म और सेंट्रल टैंक से ताजमहल नहीं दिखा। इससे पर्यटकों को निराशा हाथ लगी।

---