आगरा(ब्यूरो)। हत्यारोपी दोस्तों ने बताया कि उन्होंने लवकुश की 10 हजार रुपए के विवाद में की थी। हत्या के बाद फिरौती का फोन साजिश का हिस्सा था। इससे कि पुलिस और परिजन को गुमराह किया जा सके। पिता राम प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की। आरोपी राजेश और मोटी ने हत्या करना स्वीकार किया।

पहले मारा चाकू, फिर पेट्रौल से जलाया
लवकुश के हत्यारोपी राजेश और मोंटी ने पुलिस को बताया कि लवकुश को 10 हजार रुपए दिए थे। वह वापस नहीं कर रहा था। गुरुवार को कॉलेज जाते समय उसे रोक लिया। चाकू मारकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में रख कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, ताकि उसकी पहचान न हो सके। इसके बाद परिजन को 10 लाख रुपए की फिरौती का फोन कर दिया। पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन सोनम कुमार ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।

रकम लेकर आना कहां है, हम बताएंगे
गांव चार हिस्सा फतेहपुर सीकरी निवासी लवकुश पुत्र राम प्रसाद की उम्र करीब 20 वर्ष थी। वह आगरा-जयपुर हाईवे पर स्थित रघुनाथ महाविद्यालय में बीए का छात्र था। पिता ऑटो चालक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि लवकुश रोज की तरह सुबह 8 बजे घर से कॉलेज जाने को निकला था। सुबह 11.35 बजे पुत्र के नंबर से उनके मोबाइल पर फोन आया। दूसरी ओर से बात करने वाला कोई अंजान व्यक्ति था। उनसे कहा कि फिरौती का इंतजाम कर लो। लवकुश हमारे कब्जे में है। दोपहर तीन बजे हम बताएंगे रकम लेकर कहां आना है। फिरौती नहीं दी तो लवकुश की हत्या कर देंगे। इस पर परिजनों ने उसके दोस्तों से संपर्क करना शुरू कर दिया।


लोकेशन से मिला पुलिस को सुराग
पुत्र के अपहरण और फिरौती के फोन से परिजन दहशत में आ गए। उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने छात्र के मोबाइल की लोकेशन निकाली। वह फतेहपुर सीकरी मोड़ बाईपास पर मिली। परिजन छात्र की खोजबीन में जुट गए। पुलिस को नगला कौरई मोड़ पर नीलम इंजीनियरिंग कॉलेज के पास एक खेत में युवक का शव मिलने की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी शिनाख्त लवकुश के रूप में की।

बोरे से बरामद किया अधजला शव
अधजला शव प्लास्टिक के बोरे में था। उसका चेहरा बुरी तरह से जला हुआ था। गले पर भी निशान थे। छात्र के पिता द्वारा अपहरण और फिरौती की सूचना देने पर पुलिस उन्हें घटनास्थल पर लेकर पहुुंची। पिता ने उसकी शिनाख्त लवकुश के रूप में की थी। पिता राम प्रसाद ने पुत्र के मित्रों राजेश और मोंटी के खिलाफ अभियोग दर्ज कराया था।


हत्यारोपी दोस्तों को गिरफ्तार किया गया है, उनके पास से हत्या में इस्तेमाल कार और चाकू बरामद किया गया है। पूछताछ में उन्होंने हत्या की वारदात को स्वीकार किया है।
-बलवान सिंह, थाना प्रभारी फतेहपुर सीकरी