आगरा(ब्यूरो)। सोमवार सुबह बादलों में सूरज की आंख-मिचौली के साथ हुई। दोपहर में पिछले दिनों की तरह धूप तेज रही लेकिन शाम चार बजे से मौसम ने करवट ले ली। शाम के पांच बजे तक हवाएं चलने लगीं। जो कुछ ही देर में धूल भरी आंधी में बदल गईं। आंधी के चलते शहर के कई एरियाज में पेड़ गिरकर टूट पड़े। आगरा कॉलेज-मोती कटरा मार्ग पर एक पेड़ गिर गया। इसकी चपेट में आकर एक युवती घायल हो गई। पेड़ गिरने से रास्ता पूरी तरह से ब्लॉक हो गया। वहीं किशोरपुरा रोड के किनारे टेलीकॉम कंपनी का बॉक्स उखड़कर गिर पड़ा।

आसमान से बरसने लगे ओले
शाम छह बजे से बंूदाबांदी शुरू हो गई। इसके साथ ही आसमान से ओले बरसने लगे। करीब आधा घंटे तक शहर में ओले की बरसात हुई। बड़े-बड़े ओले से बचने के लिए राहगीरों और टू-व्हीलर सवारों ने सड़क किनारे किसी आड़ में खुद को बचाया। शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। जब बारिश और ओले थमे तो शहर में जगह-जगह जलभराव हो रखा था।

कई जगह जलभराव
शहर के निचले एरियाज से लेकर पॉश कॉलोनी तक में जलभराव के हालात बन गए। एमजी रोड-2, किशोरपुरा रोड, कैलाशपुरी, सिकंदरा, कैलाश मोड़, भगवान टॉकीज, बिजलीघर चौराहा, खेरिया मोड़, सुल्तानगंज की पुलिया, स्ट्रेची ब्रिज आदि स्थानों पर जलभराव हो गया।

ऑफिस से घर पहुंचना हुआ मुश्किल
सोमवार शाम जब बारिश हुई तो ऑफिस से अधिकांश लोग घर लौट रहे थे। ऐसे में ओलों के साथ बारिश से टू-व्हीलर चालक सड़क किनारे वाहन खड़े सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। सड़क पर खड़े वाहन और जलभराव होने से ट्रैफिक की रफ्तार थम गई। हाईवे और एमजी रोड समेत शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर जाम के हालात बन गए।

मौसम बिगडऩे से आयोजन पर असर
ताजनगरी स्थित जोनल पार्क में आयोजित 9 दिवसीय 'नवरात्रि रास गरबाÓ को सोमवार को बारिश के चलते स्थगित कर दिया गया। एडीए सचिव गरिमा सिंह ने बताया कि मंगलवार को मौसम साफ रहने पर दोनों दिन का प्रस्तावित आयोजन निर्धारित समय पर होगा। इसके साथ ही शहर में कई स्थानों पर आयोजित रामलीला मंचन पर भी असर पड़ा। नवरात्रि में शहर में जगह-जगह दुर्गा पांडाल सजाए गए हैं। बारिश और ओलों सेवहां भी व्यवस्थाएं बिगड़ गईं हैं। पांडालों में पानी भर गया।

टोरेंट की बत्ती हुई गुल
शहर में बारिश के कारण कई एरियाज की बत्ती गुल हो गई। आवास विकास, गढ़ी भदौरिया, किशोरपुरा, प्रतापपुरा, नेहरू नगर आदि समेत कई क्षेत्रों में घंटों बिजलीगुल रही। परेशान लोग टोरेंट के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करते रहे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। आवास विकास सेक्टर चार निवासी अमन ने बताया कि आंधी शुरू होने के साथ ही बिजली काट दी गई थी। अब बारिश बंद होने के बाद लाइट शुरू हुई, तभी पोल पर जा रहे तारों में से एक चिंगारी उठी और फिर से अंधेरा छा गया। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जबकि टोरंट के पीआरओ भूपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतापपुरा और नेहरू नगर में बत्ती गुल हुई है। टीमें काम कर रहीं हैं। जल्द सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।

निगम की टीम ने संभाला मोर्चा
शहर में बारिश के बाद जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम की टीम ने मोर्चा संभाला। नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने जलभराव वाले स्थल यमुना किनारा रोड, बिजलीघर चौराहा, एमजी रोड आदि स्थानों पर टीम को जल्द पहुंचने के निर्देश दिए। अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद अधीनस्थों के साथ निरीक्षण को निकले।

तेज बारिश के कारण जहां भी जलभराव की स्थिति बनी थी, वहां टीम को लगा पंप के जरिए पानी निकलवा दिया गया है।
-अंकित खंडेलवाल, नगरायुक्त


अचानक मौसम खराब होने की वजह से कुछ जगहों पर सप्लाई में थोड़ी सी दिक्कत आई है। टीमों को लगा दिया गया है। सप्लाई की स्थिति कंट्रोल में है।
- शैलेश देसाई उपाध्यक्ष टोरेंट पावर आगरा