-17 जुलाई, 2010 को आया था मुरादाबाद जेल से स्थानांतरित होकर

-22 नवंबर, 2015 को प्रशासनिक आधार पर भेजा गया था बरेली सेंट्रल जेल

आगरा: अमरोहा के बावन खेड़ी सामूहिक हत्याकांड का अभियुक्त व शबनम का प्रेमी सलीम यहां सेंट्रल जेल में सवा पांच साल निरुद्ध रहा था। निचली अदालत से फांसी की सजा मिलने के बाद सलीम को मुरादाबाद जेल से यहां स्थानांतरित किया गया था।

बावन खेड़ी की रहने वाली शबनम ने 15 अप्रैल, 2008 को प्रेमी सलीम के साथ मिलकर अपने ही परिवार के सात लोगों की सामूहिक हत्या कर दी थी। पुलिस ने शबनम और उसके प्रेमी सलीम को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वर्ष 2010 में सेशन कोर्ट ने शबनम और सलीम को फांसी की सजा सुनाई।

सजायाफ्ता सलीम को मुरादाबाद की जेल से 17 जुलाई, 2010 को आगरा सेंट्रल जेल में स्थानांतरित किया गया था। यहां पर वह सवा पांच साल से ज्यादा रहा। प्रेमिका के साथ सात लोगों की सामूहिक हत्या करने के चलते वह अन्य बंदियों में भी चर्चा का विषय था। जेलर एसपी मिश्रा ने बताया सलीम को 22 नवंबर 2015 को प्रशासनिक आधार पर यहां से बरेली सेंट्रल जेल ट्रांसफर कर दिया गया था।