आगरा। बाइसकिल हाईवे का लोकार्पण करने के बाद होटल ट्राइडेंट के पास आयोजित सभा में सीएम ने विपक्षियों पर तीखा हमला किया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा को समाजवादी पार्टी ने हकीकत में इतना दिया है, जिसे बताने की जरूरत नहीं है। यहां की जनता जानती है कि इस शहर को सपा ने क्या दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा भ्रष्टाचार और कालेधन के विरोध में है, लेकिन एक नीति के तहत अगर फैसला लिया जाए तो लोगों को परेशानी नहीं होती।

आगरा को होगा सबसे ज्यादा लाभ

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव नेसवालिया लहजे में कहा कि भाजपा बताए कि आगरा को क्या दिया? एक बार प्रधानमंत्री बनने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए थे, और अब प्रधानमंत्री बनने के बाद हाल ही में सभा करके गए हैं। जबकि समाजवादी पार्टी ने आगरा को सबसे ज्यादा लाभ पहुंचाने वाला आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे दिया है। इनररिंग रोड के अलावा अनेक योजनाओं के तहत विकास कराए हैं। इनसे आगरा को सर्वाधिक लाभ होगा।

पूर्ण बहुमत से बनेगी सरकार

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि स्मार्ट फोन के लिए करीब एक करोड़ युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं। इसके अलावा उनका जो परंपरागत वोट है वह उन्हें मिल गया तो कई दल प्रदेश में ऐसे होंगे, जो आने वाले विधानसभा चुनाव में खाता भी नहीं खोल सकेंगे। सपा को प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने से कोई रोक नहीं पाएगा। बेवजह की भाषणबाजी, और बातचीत में बेशक कोई आगे हो, लेकिन विकास के मामले में सपा से आगे कोई नहीं है।

बाइसकिल हाईवे से निकलेगा डर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगरा से इटावा लायन सफाई तक बाइसकिल हाईवे का निर्माण कराया गया है। 207 किमी लंबे इस हाईवे के रास्ते में चंबल और बाह आदि क्षेत्र आते हैं। इस क्षेत्र की एक अलग पहचान थी, जो कि सभी जानते हैं। 92 गांव और छह विधानसभाओं को जोड़ने वाले इस हाईवे के निर्माण से अब लोगों के मन से डर निकल सकेगा।

जब साइकिल चलाएंगे अन्य दल

मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि नोटबंदी के बाद जब कांग्रेस, बसपा और भाजपा पर डीजल और पेट्रोल की कमी आएगी तो वे प्रचार साइकिल से ही करेंगे, इसका सीधा लाभ सपा को मिलेगा, वो इसलिए कि सपा का चुनाव चिन्ह साइकिल है।

ये स्वर्णिम दिन है : राहुल भटनागर

प्रदेश मुख्य सचिव राहुल भटनागर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ये रविवार का दिन आगरा का स्वर्णिम दिन है। मुख्यमंत्री ने करीब 33 योजनाओं का लोकार्पण किया है। यह आगरा के लिए बड़ा दिन है। उन्होंने कहा कि ताजमहल के महत्व को देखते हुए काफी समय पहले काम हो जाने चाहिए थे, लेकिन नहीं हो सके। प्रदेश सरकार ने चार साल में आगरा में ताजमहल का महत्व समझते हुए ताजप्रोजेक्ट सहित काफी विकास कार्य कराए हैं।

'पत्थर वाली सरकार' ने क्या दिया

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि लोग मायावती को बहन जी कहते थे तो मैं बुआ जी कहता था, लेकिन उस 'पत्थर वाली सरकार' ने अपने कार्यकाल में क्या दिया। पत्थर वाली सरकार में किसानों पर लाठियां बरसाई गई। किसानों को जेल भेजा, लेकिन सपा सरकार ने उन्हें छुड़वाने का काम किया। इसके अलावा उन्होंने देश के विकास और शहरों की दूरी कम करने में सहायक साबित होने वाले आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को कम समय में तैयार कर दिया है। उन्होंने कहा एक्सप्रेस-वे की मजबूती और गुणवत्ता के गवाह सुखोई और मिराज विमान हैं।