- पांच बार के विधायक की दावेदारी बढ़ी

- टूंडला विधायक को भी मिल सकता है मौका

आगरा। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद अब मुख्यमंत्री और मंत्री पद के लिए दौड़ शुरू हो गई है। एक ओर जहां पार्टी और संगठन के नेता अपने तरीके से मंथन में जुटे हुए हैं। वहीं नेता अपने अनुभवों के आधार पर मंत्रियों के पद के दावेदारों की लिस्ट बना रहे हैं। इसमें शहर के पांच बार के विधायक जगन प्रसाद गर्ग भी प्रमुख दावेदार बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही टूंडला के विधायक एसपी सिंह बघेल भी मंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं।

विपरित परिस्थितियों में भी की जीत हासिल

आगरा उत्तर विधानसभा क्षेत्र से विधायक जगन प्रसाद गर्ग ने लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज की है। वे उस दौरान भी सीट बचाए रखने में कामयाब रहे, जब बीजेपी की जमीन खिसक रही थी। इस दौरान उन्होंने पार्टी को संबल दिया। भाजपा विधायक के रूप में विधानसभा में प्रतिनिधित्व करते रहे। वे वैश्य समाज के भी बड़े नेता है। इन दोनों आधारों को देखते हुए जगन प्रसाद गर्ग की मंत्री पद के लिए दावेदारी अहम मानी जा रही है। वहीं, आगरा जैसे प्रमुख जिले को मंत्री पद देकर नवाजा भी जाना है। इसके साथ ही टूंडला से विधायक एसपी सिंह बघेल भी पार्टी के कद्दावर चेहरा बनकर उभरे हैं। इस विधानसभा चुनाव में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसे देखते हुए उनकी भी मंत्री पद के लिए मजबूत दावेदारी मानी जा रही है।

आगरा को देना होगा प्रतिनिधित्व

आगरा की विश्व ख्याति के साथ जिले से पहली बार 9 सीटें भाजपा को मिली हैं। ये भी राजनीति गलियारे में बहुत खास है। इसे देखते हुए प्रदेश सत्ता की बागडोर में आगरा को प्रमुखता देनी होगी।