- मंगलवार शाम घर से निकला था होमगार्ड, तभी से था लापता

- गुरुवार सुबह गांव में पड़ा मिला शव, कान से बह रहा था खून

आगरा। थाना ताजगंज के कुआं खेड़ा में दो दिन से गायब होमगार्ड का शव घर से एक किलोमीटर दूर पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

थाना एमएम गेट में था तैनात

कुआं खेड़ा निवासी रामप्रकाश (40 ) पुत्र नरवीर सिंह थाना एमएम गेट में होमगार्ड थे। पत्नी सत्यवती, दो बेटे व एक बेटी के साथ रहते हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। मंगलवार शाम छह बजे ड्यूटी से घर पहुंचे। कुछ देर बाद वह शौच के लिए निकल गए। देररात तक नहीं लौटे। परिजनों को लगा कि वह ड्यूटी पर चले गए होंगे। चूंकि वह पहले भी ऐसे ड्यूटी पर जाते रहे हैं। लेकिन सुबह भी घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। वह ड्यूटी पर भी नहीं पहुंचे थे।

सुबह नहर की पट्टी पर मिला शव

गुरुवार सुबह होमगार्ड के चाचा डालचंद चरी काटने खेत में गए। होमगार्ड का शव नहर की पट्टी पर पड़ा मिला। जीभ बाहर निकली हुई थी। कान से भी खून बह रहा था। परिजनों ने मौत पर हत्या की आशंका व्यक्त की है। मृतक के भाई हरी प्रकाश का कहना था कि वह उसके घर से दूर रहते हैं। लेकिन उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। होमगार्ड की हत्या की आशंका बन रही है। उसका अंगोछा भी उसके पास पड़ा हुआ था। चप्पलें भी वहीं पर पड़ीं थीं।