आगरा। शनिवार को एमएलसी के चुनाव में गर्मी को देखते हुए जनप्रतिनिधि सुबह ही मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए पहुंच गए। इसके लिए आगरा में नगर निगम समेत 15 ब्लॉक में वोट डाले गए। नगर निगम में बनाए गए मतदान केंद्र पर सुबह से जनप्रतिनिधि पहुंच गए। नगर निगम के मतदान केंद्र पर 181 वोटरों में 175 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें 105 पुरुष वोटर और 70 महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। ब्लॉक बिचपुरी में 106 में से 102 वोट डाले गए। अकोला में 118 में 118 वोटरों ने अपने मत का प्रयोग किया। बरौली अहीर में 185 में से 185 वोटर ने वोट कर 100 फीसदी मतदान किया। एत्मादपुर में 153 वोटर में 151 ने वोट डाले, खंदौली में 132 में 132 वोट डाले गए।


बाह में 151 में 149 ही वोट पड़े। जैतपुर कलां में 106 में से 105 वोट डाले गए। पिनाहट में सौ फीसदी वोटिंग हुई। यहां कुल 113 वोट मेें से 113 वोट डाले गए। फतेहाबाद में कुल 184 वोटरों ने वोट किया। शमशाबाद में कुल वोट 187 में से 182 वोट पड़े यहां 5 वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया। सैंया में कुल 126 वोट डाले गए। खेरागढ़ में कुल 130 वोटरों ने वोट कर सौ फीसदी मतदान किया। कमोबेश जगनेर ब्लॉक में भी सौ फीसदी वोटिंग हुई। यहां कुल 99 वोटरों ने वोट डाले। फतेहपुरसीकरी में 163 में से 162 वोट ही डाले जा सके। अछनेरा मेें 189 वोटरों में 185 ने ही वोट डाले यहां 4 वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया।

जनप्रतिनिधियों की जागरुकता से 98 फीसदी हुआ मतदान
एमएलसी के चुनाव में जनप्रतिनिधियों की जागरुकता के चलते आगरा-फिरोजाबाद स्थानीय निकाय प्राधिकारी की सीट पर 98.06 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें आगरा के कई ब्लॉक में 100 फीसदी मतदान में हुआ। इसमें अकोला, बरौली अहीर, पिनाहट, फतेहाबाद, सैंंया, खेरागढ़, जगनेर ब्लॉक में सौ फीसदी मतदान हुआ।

दौड़ते रहे अधिकारी
एमएलसी चुनाव के दौरान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक अधिकारियों की टीम दौड़ती रहीं। डीएम प्रभु एन सिंह ने नगर निगम पहुंचकर स्थितियों का जायजा लिया। इस दौरान नगर निगम के मुख्य गेट पर पुलिस फोर्स तैनात रहा। वाहनों को अंदर नहीं आने दिया गया।

भाजपा के विजय शिवहरे और सपा के दिलीप यादव में मुकाबला
आगरा-फिरोजाबाद स्थानीय निकाय प्राधिकारी एमएलसी की सीट पर भाजपा के विजय शिवहरे और सपा के डॉ। दिलीप यादव में मुकाबला है। वैसे मैदान में 5 प्रत्याशी हैं। इसमें निर्दलीय विमल कुमार, अम्बेडकरी हसनूराम और प्रवीन कुमार मैदान में हैं।


फैक्ट फिगर
- कुल बूथ-25
- कुल आगरा में बूथ-16
- फिरोजाबाद में बूथ-9
-कुल वोटर- 3922
-कुल पुरुष वोटर- 2320
- कुल महिला वोटर-1602
- आगरा में वोटर- 2323
- पुरुष- 1421
- महिला- 902
-फिरोजाबाद कुल वोटर- 1599
- कुल पुरुष- 899
- कुल महिलाएं- 700