- मोदी के जादू ने बढ़ाया मुस्लिमों में देशप्रेम

वृंदावन: उन्नाव से भाजपा सांसद डॉ। सच्चिदानंद हरि साक्षी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में फतह पानी है तो पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह या उनके विकल्प का सहारा लेना जरूरी होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के चयन में हो रही देरी पर साक्षी महाराज ने कहा कि पार्टी दिल्ली और बिहार से सबक लेकर हर फैसला फूंक-फूंक कर ले रही है। पुरानी गलतियों से सबक लेने के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा। वे रविवार को संत कॉलोनी स्थित अपने आश्रम पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।

उन्होंने चुनावी आंकड़ा बताते हुए कहा कि करीब 62 फीसदी जातियां ऐसी हैं, जिनमें मुस्लिम, यादव, जाटव शामिल हैं, जबकि ओबीसी के अंतर्गत आने वाली जातियों के वोट एकजुट होकर मिलते हैं। ऐसे में भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व जो निर्णय लेगा जातिगत आधार पर ही उसे दिशा मिलेगी। सांसद ने कहा कि हमने मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और झारखंड जैसे प्रदेशों में देख लिया है। जनता नहीं चाहती कि जीतने के बाद कोई खट्टर जैसा व्यक्ति उन पर थोप दिया जाए। देश में भारत माता की जय बोलने के मुद्दे पर साक्षी महाराज ने कहा कि मोदी का जादू देश में चल चुका है। अब मुसलमान भी मोदी और देश का खुलकर समर्थन करने लगे हैं। मोदी ने सूफियों की मदद से मुस्लिम समुदाय को देशभक्ति की ओर मोड़ने का काम किया है। हरियाणा में आरक्षण पर हुए बवाल के सवाल पर साक्षी महाराज ने कहा कि आरक्षण पर संसद में बहस होनी चाहिए। जिस तरह संपन्न लोग सब्सिडी छोड़ रहे हैं। संपन्न दलितों को भी आगे आकर आरक्षण छोड़ना चाहिए। जिससे जरूरतमंद लोगों को आरक्षण का लाभ मिल सके।