आगरा(ब्यूरो)। नगर निगम की ओर से एनओसी के लिए पोर्टल https://www.annnoc.com/ तैयार कराया गया है। इस पोर्टल पर व्यक्ति एनओसी के लिए एप्लाई कर सकता है। एनओसी के लिए अप्लाई करते ही एप्लीकेशन अपर नगर आयुक्त के पोर्टल पर पहुंचती है। यहां अपर नगर आयुक्त की ओर से नोडल अधिकारी संपत्ति को मार्क किया जाता है। वह आरआई को जांच के लिए मार्क करते हैं। आरआई जांच कर अपनी रिपोर्ट देते हैं। जिसके अनुसार नोडल अधिकारी संपत्ति के अप्रूवल के बाद इसे चीफ इंजीनियर को भेज दिया जाता है। वह एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और जेई को भेजते हैं। जेई उस पर मलबा टैक्स निर्धारण करते हैं। इसके बाद रिपोर्ट नोडल अधिकारी संपत्ति को भेज दी जाती है। उनके अप्रूवल के बाद आवेदक को शुल्क जमा कराना होता है। इसके बाद आवेदन संपत्ति विभाग के बाबू के पास पहुंचता है। जहां से डिजिटल साइन के साथ एनओसी को जारी कर दिया जाता है।

30 दिन में पूरा होगा पूरा प्रोसेस
एनओसी के लिए ये पूरा प्रोसेस ऑनलाइन कंप्लीट होगा। इसे 30 दिन के अंदर पूरा करना होगा। अप्लाई करने के साथ ही आवेदक एनओसी से जुड़े हर अपडेट को ऑनलाइन ट्रैक कर सकता है। पोर्टल पर देख सकेगा कि उसका एनओसी आवेदन किस पटल पर लटका है। अगर आवेदन पर कोई आपत्ति है, तो वह भी ऑनलाइन शो होगी।

लटका नहीं सकेंगे आवेदन
इस ऑनलाइन सिस्टम का सबसे बड़ा फायदा ये होगा कि अब आवेदन लटक नहीं सकेगा। आवेदन पर एनओसी जारी करनी हैं या नहीं, इसका निगम अधिकारियों को फैसला करना होगा। अगर आवेदन रिजेक्ट किया जा रहा है तो उसका कारण भी बताना होगा।

बाबूगिरी पर लगेगा अंकुश
नक्शा पास कराना हो या फिर अन्य कोई कार्य, इसके लिए नगर निगम से एनओसी की आवश्यकता पड़ती है। अब तक एडीए से एनओसी आवेदन का लेटर लेकर नगर निगम में एनओसी के लिए ऑफलाइन आवेदन किया जाता था। आवेदन के महीनों बाद भी एनओसी प्राप्त नहीं हो पाती थी। निगम के कई बार चक्कर लगाने पड़ते थे। कई बार एनओसी के लिए दिया गया आवेदन भी खो जाता था। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। नगर निगम में बाबूगिरी पर अंकुश लगेगा।

एनओसी के लिए अब तक 4 आवेदन
एनओसी के लिए ऑनलाइन सिस्टम हाल ही में नगर निगम में शुरू हुआ है। अब तक इस पर एनओसी के लिए चार आवेदन भी आ चुके हैं। इन पर प्रोसेस जारी है। 30 दिन में इन आवेदन पर एनओसी जारी करने को निर्णय ले लिया जाएगा।


ट्रांसपेरेंसी के लिए ऑनलाइन पर फोकस
नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल की ओर से नगर निगम के कार्य में ट्रांसपेरेंसी लाने के लिए लगातार ऑनलाइन सिस्टम पर जोर दिया जा रहा है। हाउस टैक्स प्रक्रिया को ऑनलाइन सिस्टम के तहत आसान बनाने के बाद एनओसी प्रोसेस को ऑनलाइन करने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। एनओसी से जुड़ा पूरा प्रोसेस वह घर बैठे ही पूरा कर सकेंगे।

एनओसी की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए इस प्रोसेस को ऑनलाइन किया गया है। अब पोर्टल पर जाकर एनओसी के लिए आवेदन किया जा सकता है।
अंकित खंडेलवाल, नगराुक्त, नगर निगम

एनओसी के प्रोसेस को ऑनलाइन कर दिया गया है। पूरा प्रोसेस 30 दिन में कंप्लीट करना है। इस दौरान आवेदक भी पोर्टल पर एनओसी का स्टेटस देख सकता है।
एसपी यादव, अपर नगरायुक्त, नगर निगम

ये है पोर्टल
https://www.annnoc.com/