आगरा। बुलंदशहर पालड़ा झाल से पिछले पांच दिनों से गंगाजल की आपूर्ति बाधित थी। इसके चलते शहर में जलापूर्ति को लेकर संकट पैदा हो गया था। लोग पानी की तलाश में इधर-उधर भटक रहे थे। पालड़ा झाल से पूरा गंगाजल मिलने के बाद शुक्रवार दोपहर के बाद सप्लाई शुरु की गई। बता दें कि आगरा को दो कैनाल से गंगाजल की आपूर्ति होती है। इसमें हरिद्वार से आने वाली अपर कैनाल और बिजनौर से आने वाली मध्य कैनाल से आपूर्ति की जाती है। दोनों कैनाल पालड़ा झाल बुलंदशहर पर आकर मिलती है। मौजूदा समय में अपर कैनाल को सफाई के लिए एक महीने के लिए बंद किया गया है। वहीं मध्य कैनाल से आगरा को गंगाजल की सप्लाई की जा रही है।

360 एमएलडी की हुई सप्लाई

शुक्रवार को सिकंदरा और जीवनी मंडी से 360 एमएलडी की आपूर्ति की गई। सिकंदरा से 210 एमएलडी की सप्लाई की गई। इसमें 144 एमएलडी गंगाजल और 72 एमएलडी यमुना जल की सप्लाई की गई। वहीं जीवनी मंडी से 150 एमएलडी गंगाजल की सप्लाई की गई।


45 प्रतिशत शहर फिर रहेगा प्यासा
पालड़ा झाल से गंगाजल की पूरी सप्लाई होने के बाद भी 45 प्रतिशत लोग प्यासे रहेंगे। बता दें कि शहर मे 55 प्रतिशत एरिया में ही पाइपलाइन है। 100 वार्डो में से 27 वार्डो में पेयजल आपूर्ति के लिए कोई इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है। ऐसे में लोगों को गंगाजल नसीब नहीं हो पाएगा। इस बारे में गंगाजल वल्र्ड बैक आगरा यूनिट के प्रोजेक्ट मैनेजर रमेश चंद्रा ने बताया कि अभी जिन स्थानों पर पाइपलाइन नहीं है। वहां पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। अभी अमृत योजना सेकेंड फेज में देवरी रोड की ओर पाइपलाइन बिछाई जाएगी। जिन एरिया में सिकंदरा वाटर वक्र्स से जलापूर्ति की जाती है। उनमें नरीपुरा अजीत नगर, बारह खंबा, मुस्तफा क्वार्टर, सोहल्ला आदि क्षेत्र में पेयजल वितरण के लिए कोई इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध नहीं है। लोहामंडी के राजनगर, अशोक नगर, कंस गेट, अहीर पाड़ा घास की मंडी में गंगाजल वितरण के लिए कोई इंफ्रस्ट्रक्चर उपलब्ध नहीं है। जीवनी मंडी क्षेत्र से छोटा उखर्रा, बड़ा उखर्रा, बीच का उखर्रा, हिमाचल कॉलोनी, तख्त पहलवान, सराय मलूक चंद समेत दर्जन भर क्षेत्रों में पाइप्ड पेयजल आपूर्ति हेतु कोई इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध नहीं है.ये पेयजलविहीन क्षेत्र है। बता दें कि जलकल विभाग के पास 34 टैंकर हैं। इनमें से 5 खराब पड़े हैं। वर्तमान में 8 ट्रैक्टर उपलब्ध हैं।


फैक्ट फिगर
- शहर में 100 वार्ड हैं
- 27 वार्डों में जलापूर्ति के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं
- 24 अंडरग्राउंड टैंक
- 10 अंडरग्राउंड टैंक सिकंदरा वाटर वक्र्स से संचालित
- 6 जीवनी की मंडी वाटर वक्र्स से संचालित