- निगम प्रशासन का कोरा दावा

- सर्दी में भी नहीं मिल रही सुविधा

आगरा। सर्दी से राहत देने के लिए अलाव की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की जाती है। इस बार भी नगर निगम ने सर्दी की दस्तक के साथ ही अलाव जलवाने शुरू कर दिए। पहले कागजों में 17 और सर्दी बढ़ते-बढ़ते संख्या 55 पहुंच गई है, लेकिन इतनी संख्या में सिर्फ कागजों पर ही अलाव जल रहे हैं। कई प्रमुख स्थलों से अलाव गायब हैं।

अधिकारियों के कैंपस तक सीमित

नगर निगम ने कागजों पर अलाव की लिस्ट तैयार की। जिसमें जिला के आला अधिकारियों के कैंपसों के साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर भी अलाव जलाए जा रहे हैं। इसमें हर अलाव को 40 किलोग्राम लकड़ी दी जा रही है। इस तरह से हर दिन 55 स्थानों पर अलाव जलाया जा रहा है। इसमें लगभग 2200 किलोग्राम लकड़ी हर दिन जलाई जा रही है। लेकिन सर्दी से बचने के लिए अलाव सिर्फ अधिकारियों के कैंपस में जल रहे हैं। कुछ सार्वजनिक स्थानों जैसे भगवान टॉकीज, राजामंडी पर अलाव के नाम पर जरूर कुछ लकडि़यां जलाई जा रही है। बाकी स्थानों पर सिर्फ कागजों पर ही अलावों को जलाया जा रहा है।

कागजों में यहां जल रहे

जिला अस्पताल के अंदर, नई इमरजेंसी, कैंट रेलवे स्टेशन, फोर्ट रेलवे स्टेशन, राजा की मंडी रेलवे स्टेशन, ईदगाह बस स्टैंड, बिजलीघर बस स्टैंड, ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड, विभव नगर पार्क के पास, मंडलायुक्त कैंप कार्यालय, जिलाधिकारी कैंप कार्यालय, बच्चा जेल कलेक्ट्रट के पास, पुल के नीचे भगवान टॉकीज, मंदिर के पास सेंट जोंस चौराहा, लोहामंडी चौराहा, बजाजा कमेटी के पास, जिला जज कैंपस के पास जलाए जा रहे हैं। इसके साथ ही छीपीटोला, ताजगंज तांगा स्टैंड, फतेहाबाद रोड और देवरी रोड शैल्टर हाउस सहित 55 स्थानों पर अलाव जलाने का दावा किया जा रहा है।