आगरा। नगर निगम में दो चैनल गेट पर केयर टेकर विभाग से कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इन कर्मचारियों को थर्मल स्क्रीनिंग करने को मशीन मुहैया कराई गई हैं। मंगलवार को टीम को बिना थर्मल स्क्रीनिंग के लोग एंट्री करते दिखे। कर्मचारियों के पास रजिस्टर मौजूद था। उसमें कुछ नाम लिखे हुए थे। लेकिन ज्यादातर लोगों के नाम रजिस्टर में दर्ज नहीं किए गए। जब उनसे अब तक किए जुर्माना के बारे में पूछा गया तो बताया कि अब तक किसी से जुर्माना नहीं वसूला है।

सेनेटाइज बॉक्स लगाए, नहीं हो रहा प्रयोग
निगम में हैंड सेेनेटाइजर मशीन लगाई गईं हैं। निगम में आने वाले लोग इन मशीन के जरिए हाथों को सेनेटाइज करते हैं। नगर निगम में आने वाले लोग इन बॉक्स से हाथों को सेनेटाइज नहीं कर रहे हैं। इस पर भी केयर टेकर विभाग के कर्मचारी उनको टोकते भी नहीं हैं।

मास्क वेंडिंग मशीन भी बनी शोपीस
नगर निगम में मास्क वेंडिंग मशीन भी लगाई गई हैं। ये व्यवस्था उन लोगों के लिए की गई है, जो बिना मास्क के नगर निगम आ रहे हैं। ऐसे में 5 रुपए का सिक्का मशीन में डालकर वह मास्क प्राप्त कर सकते हैं। बिना मास्क के आने वाले लोग इस वेंडिंग मशीन का यूज भी नहीं कर रहे हैं।


नगर आयुक्त हो चुके है पॉजिटिव
नगर आयुक्त निखिल टीकाराम फुंडे कोविड पॉजीटिव हो चुके हैं। वे क्वारंटीन हैं। इसी को देखते हुए नगर निगम में कोविड प्रोटोकॉल को लेकर सख्ती की गई, लेकिन ये सिर्फ दिखावा बन गई है।


- 25 विभागों के ऑफिस में है नगर निगम परिसर में
- 16 लाख जन संख्या नगर क्षेत्र में
- 100 वार्ड नगर निगम में
- 4 जोन में बंटा हुआ शहर में
- 4500 नगर निगम में स्टाफ
- 3.20 लाख हाउस होल्ड

तहसील में भी लापरवाही
कोविड प्रोटोकॉल को लेकर लापरवाही सिर्फ नगर निगम में ही नहीं बरती जा रही है, सदर तहसील में भी कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा है। मंगलवार को रजिस्ट्री कार्यालय में भी लोग बिना मास्क के दिखे। तहसील के हेल्प डेस्क से भी सन्नाटा पसरा हुआ था। फरियादियों को कोई जानकारी देने वाला नहीं था। इस दौरान कुछ लोग लेखपाल को तलाश रहे थे, तो कुछ पेंशन और आयुष्मान कार्ड बनाने की जानकारी लेने आए थे। यहां थर्मल स्क्रीनिंग की भी कोई व्यवस्था नहीं थी।

विनोद कुमार, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम
नगर निगम में कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं। बिना मास्क आने वालों को लौटाया जाएगा। साथ ही जुर्माना भी वसूल किया जाएगा।