- थाना छत्ता क्षेत्र में मकान के गेट पर बांधा मांस का टुकड़ा

- मौके पर पहुंचे बीजेपी कार्यकर्ता, दहशत में परिवारीजन

आगरा। चुनाव नजदीक है। ऐसे में शरारती तत्व भी एक्टिव हो गए हैं। चुनाव से पहले शहर की फिजा बिगाड़ने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। थाना छत्ता क्षेत्र पातीराम गली में मकान के मेन गेट पर किसी शरारती तत्व ने मांस का टुकड़ा बांध दिया। अंडे पर किसी का नाम लिख घर के बाहर रख दिया। परिजनों की निगाह पड़ी, तो वह दहशत में आ गए। हिन्दूवादी नेता मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में पुलिस ने भी दौड़ लगा दी।

रात में रखा सामाने

पातीराम गली कचहरी घाट निवासी विष्णु प्रसाद अग्रवाल का नूरी दरवाजे में पैठे का कारोबार है। वह यहां पर अपने भाई विनोद कुमार अग्रवाल के साथ रहते हैं। दोनों के परिवार भी साथ रहते हैं। बुधवार सुबह दरवाजा खोला, तो परिवार की चीख निकल गई। दरवाजे के बाहर कागज की प्लेट पर एक अंडा रखा था। उस पर सिंदूर व काला धागा पड़ा हुआ था। गेट की चौखट पर एक मुर्गे की टांग लटकी हुई थी।

मौके पर जमा हो गए लोग

जानकारी होते ही मौके पर भीड़ जुट गई। बीजेपी कार्यकर्ता पहुंच गए। लोगों का कहना था कि फिजां बिगाड़ने के लिए किसी शरारती तत्व ने यह काम किया है। परिवार मिले सामान को देख काफी डर गया। परिजनों का कहना था कि उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है फिर भी कोई उनका बुरा करना चाहता है।

अंडे पर लिखा था किसी का नाम

अंडे पर एक नाम लिखा था। परिजनों का कहना था कि घर के एक किसी सदस्य का नाम लिखा है, लेकिन पुलिस ने इस बात से इनकार किया है। पुलिस का कहना था कि अंडे पर कुछ लिखा तो था लेकिन वह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। सामान को मौके से हटवा दिया गया है। किसी शरारती ने ऐसी हरकत की है।

कोई क्यों रखेगा ऐसा सामान

लोगों का कहना था कि कोई ऐसा सामान क्यों रखेगा। किसी का क्या मंसूबा हो सकता है। कुछ लोगों का कहना कि ऐसी हरकत कर कोई साम्प्रदायिक माहौल खराब करने का प्रयास कर रहा है। लेकिन लोगों का कहना कि वह ऐसा नहीं होने देंगे।