आगरा: नेशनल हाईवे-19 हो या फिर ग्वालियर, अलीगढ़ और जयपुर हाईवे। इन हाईवे पर हर दिन लाखों रुपये का टोल वसूला जाता है लेकिन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अफसरों द्वारा रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है। ठीक तरीके से सफाई नहीं हो रही है। नालियां चोक पड़ी हैं और हरियाली को बढ़ाने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गड्ढों की भरमार है और संरक्षा के इंतजाम नदारद हैं। स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। यह पर्दाफाश मंडलायुक्त अमित गुप्ता के आदेश पर हुई जांच में हुआ है। यह जांच मथुरा, आगरा और फीरोजाबाद के प्रशासन और नगर निगम के अफसरों ने संयुक्त रूप से की। मंडलायुक्त ने संरक्षा के इंतजामों को बेहतर करने के आदेश दिए। वहीं हाईवे पर अवैध कट को भी बंद करने के लिए कहा है। दस दिनों के भीतर इसकी रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।

ये मिलीं कमियां

नेशनल हाईवे-19

संयुक्त टीम ने रुनकता से फीरोजाबाद तक जांच की। दो दर्जन स्थलों पर अवैध कट मिले। 45 स्थलों पर रे¨लग टूटी हुई थी। 200 स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हुई हैं। 100 पोल ऐसे हैं, जिन पर लाइट नहीं हैं। सिकंदरा सब्जी मंडी अंडरपास की रुनकता से सिकंदरा लेन बंद मिली। खंदारी और भगवान टाकीज फ्लाईओवर के बीस-बीस मीटर के क्षेत्र में संरक्षा के इंतजाम नहीं थे। यानी दिशा सूचक बोर्ड नहीं लगे थे। न ही ब्लैक स्पॉट को ठीक से चिन्हित किया गया।

आगरा-फतेहपुरसीकरी-जयपुर हाईवे

कलक्ट्रेट से शाहगंज तक इस रोड की हालत ठीक मिली लेकिन फिर सफेद पट्टी ठीक से नहीं बनाई गई। कई जगहों पर गड्ढे मिले। आबादी वाले क्षेत्र में संरक्षा के नजरिए से बोर्ड लगे होने चाहिए। 80 स्ट्रीट लाइट खराब मिलीं।

- आगरा-ग्वालियर हाईवे :

कई जगहों पर हाईवे के किनारे जलभराव मिला। एक किमी क्षेत्र में गड्ढे मिले। क्षेत्रीय लोगों ने गड्ढों की मरम्मत की मांग की। हाईवे के किनारे ठीक तरीके से न तो टेप लगाए गए थे और न ही बोर्ड।

- आगरा से अलीगढ़ हाईवे

इस रोड पर जगह-जगह गड्ढे मिले। 20 स्थलों पर रे¨लग टूटी हुई थी। 11 स्थलों पर अवैध कट मिले। शिकायतों के बाद भी कट को बंद नहीं किया जा रहा था।

- नेशनल हाईवे-19 सहित चार की जांच कराई गई। गड्ढों की मरम्मत और संरक्षा के ठीक तरीके से इंतजाम के लिए कहा गया है। इसकी रिपोर्ट डीएम और नगरायुक्त को भेजी जा रही है।

अमित गुप्ता, मंडलायुक्त

- एनएचएआई आगरा, मथुरा सहित अन्य खंड के अफसरों को दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। हाईवे के गड्ढे भरने और रे¨लग की मरम्मत करवाने, संरक्षा के इंतजाम करने के लिए कहा गया है।

प्रभु एन। सिंह, डीएम