यूपी सरकार का पुतला फूंकने गए थे

न्यू आगरा पुलिस ने कर दी पिटाई

भाजपाइयों ने घेरा थाना, मांगी माफी

आगरा। थाना न्यू आगरा क्षेत्र भगवान टॉकीज पर पुलिस भर्ती धांधली में सीएम का पुतला दहन करने आए भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता व पदाधिकारियों को पुलिस के कोप का भाजन बनना पड़ा। आरोप है कि पुलिस ने पदाधिकारियों के साथ हाथापाई कर दी। उनके साथ गाली-गलौज के साथ अभद्रता की गई। पुलिस जबरन पकड़ कर थाने ले गई। जानकारी होने पर भाजपा नेता पहुंच गए थे।

पुलिस भर्ती परीक्षा में हुई थी धांधली

उत्तर प्रदेश सरकार की पुलिस भर्ती परीक्षा में मैरिट में धांधली को लेकर मामला गर्म चल रहा है। इस संदर्भ में भाजयुमो के कार्यकर्ता गुरुवार की शाम भगवान टॉकीज चौराहे पर सीएम का पुतला दहन कर प्रदर्शन करने वाले थे लेकिन इससे पूर्व ही पुलिस को सूचना लग गई।

पुलिस ने की जमकर पिटाई

शिवम पचौरी के मुताबिक इंस्पेक्टर न्यू थाना चार-पांच पुलिसकर्मियों के साथ आए थे। आते ही थप्पड़ों की बरसात कर दी। रोके जाने पर गाली-गलौज पर उतर आए। पुलिस किसी की कुछ सुनने को तैयार नहीं थी। आरोप है कि पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज कर दिया।

घसीटती हुई थाने ले गई

आरोप है कि पुलिस युवा मोर्चा के जिला मंत्री राहुल चौधरी, जिलाध्यक्ष सोनू चौधरी, शिवम पचौरी मीडिया प्रभारी व कार्यकर्ता विजय आर्यन को खींच कर थाने ले गई। यहां पर भी इनके साथ अभद्रता की गई। जानकारी होने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता थाने पहुंच गए थे।

धरने पर बैठे कार्यकर्ता

थाने के अंदर भाजयुमो के कार्यकर्ता पुलिस की इस बर्बरता पर थाने में धरने पर बैठ गए। भाजपा के नेताओं ने इस सम्बंध में अधिकारियों से बात की। मौके पर एसपी सिटी पहुंच गए थे। शिवम पचौरी के मुताबिक इंस्पेक्टर ने अपनी हरकत पर माफी मांगी तब जाकर मामला शांत हुआ। इनके मुताबिक यूपी सरकार का पुतला दहन करने जा रहे लेकिन पुतला आया भी नहीं था कि पुलिस ने पिटाई शुरू कर दी थी।

कई थानों का फोर्स पहुंचा

जिस दौरान घटना हुई उस दौरान थाने के सामने लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। बवाल की आशंका पर थाना छत्ता, हरीपर्वत का अतिरिक्त फोर्स बुलवा लिया गया। थाने के गेट पर भाजपा कार्यकर्ताओं की फौज भी डटी हुई थी.पुलिस ने सभी की एंट्री थाने में बंद कर दी थी।