- वर्ष 2000 में छाता क्षेत्र में डकैती के दौरान की थी हत्या

- बदल लेता था खुद का नाम और स्थान, फोर्ट स्टेशन से पकड़ा

आगरा। थाना रकाबगंज पुलिस ने एक इनामी अपराधी को पकड़ा। पुलिस ने उसके पास से तमंचा बरामद किया है। शातिर बाबरिया गैंग से जड़ा हुआ था। पिछले 17 साल से वह पुलिस को गच्चा दे रहा था, जिसके चलते वह पुलिस के लिए चैलेंज बना हुआ था।

डकैती के दौरान की थी हत्या

पुलिस के मुताबिक प्रहलाद उर्फ दिनेश उर्फ बड्डा पुत्र फूल सिंह उर्फ उल्फत निवासी मुरैना शातिर अपराधी है। उसे फोर्ट स्टेशन के पास से पकड़ा। वर्ष 2000 में वह छाता में रहता था। उस दौरान उसका नाम प्रहलाद निवासी रिजोर एटा था। वहां पर उसने एक डकैती के दौरान हत्या कर दी थी। इसके बाद वह भाग कर मुरैना आ गया। यहां पर उसने अपना नाम दिनेश रख लिया। पुलिस के मुताबिक उसका कहीं कोई पक्का ठिकाना नहीं है। शातिर पर 35 से 40 संगीन मामले दर्ज हैं। वर्ष 2000 से ही यह फरार चल रहा था। कोर्ट ने उसे भगौड़ा अपराधी घोषित किया था। साथ ही उस पर 12 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। शातिर जहां भी रहता, वहां अपना नाम और पता चेंज कर देता, जिससे कि पुलिस की निगाह में न आ सके।

पूरे परिवार का काम अपराध करना

थाना रकाबगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार के मुताबिक पकड़ा गया अपराधी बाबरिया है। छानबीन में पता चला कि उसके पांच बेटे हैं। पांचों बेटे बड़े अपराधों में संलिप्त रहते हैं। सभी पर इनाम घोषित है। पुलिस के मुताबिक इस बदमाश ने कई वारदातों को अंजाम दिया है। 17 साल से फरार बदमाश पुलिस के चैलेंज बन चुका था। पुलिस ने इसके पास से तमंचा बरामद किया है।