-कमला नगर थाने में पांच आरोपियों के खिलाफ लिखाया गया था मुकदमा

-जिम में वीडियो बनाने का विरोध करने पर युवकों ने की थी अभद्रता

आगरा: सैन्य अफयर की रिश्तेदार से जिम में अभद्रता के मामले में पुलिस ने शनिवार देर रात दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से एक ने ही महिला का अपने मोबाइल से वीडियो बनाया था।

बनाया भी वीडियो

बता दें कि नाई की मंडी थाना क्षेत्र में एक सैन्य अफसर के रिश्तेदार रहते हैं। रिश्तेदार परिवार की बहू अपने देवर के साथ शुक्रवार को सुबह कमला नगर स्थित जिम में गई थी। यहां वर्क आउट करते समय युवक अपने मोबाइल से उनका वीडियो बना रहे थे। विरोध करने पर उनसे अभद्रता की। बचाव में आए देवर के सिर पर लोहे की रॉड मारने का प्रयास भी किया। इस मामले में महिला ने कमला नगर थाने में पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।

सभी आरोपी दबोचे

पुलिस ने शुक्रवार की रात मुख्य आरोपी आयुष शर्मा, प्रत्युष शर्मा और पिता बबलू पंडित को गिरफ्तार किया था। बेटों का विवाद होने पर पिता जिम में धमकी देने आया था। तीनों कोर्ट से जमानत होने पर रिहा हो गए। एएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि मुकदमे में नामजद जीवनी मंडी निवासी शशांक गुप्ता और कमला नगर के विमल वाटिका निवासी अभिषेक यादव मुकदमा दर्ज होने की जानकारी होते ही आगरा से बाहर भाग गए थे। देर रात दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शशांक ने ही जिम में महिला का मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया था। इसके बाद विवाद हुआ। उसके मोबाइल में कोई वीडियो नहीं मिला है।

---

बबलू पंडित व अन्य आरोपियों का अपराधिक इतिहास भी पता किया जा रहा है। इन पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी की जाएगी।

-बबलू कुमार, एएसपी, आगरा