- गोली मारने के बाद पिस्टल भी लूटकर ले गए बदमाश

- शमसाबाद थाने में तैनात अजय बदमाशों को पकड़ने गए थे

आगरा: प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद बदमाशों ने जिले में पहली सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दी। बाइक सवार तीन बदमाशों ने शमसाबाद थाने में तैनात स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के सिपाही अजय यादव की बुधवार रात को उन्हीं की पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद पिस्टल लूटकर भाग निकले। मामले में शक की सुई मुखबिर पर है।

कई चोरियों का किया था खुलासा

अजय यादव शमसाबाद थाने में छह महीने से तैनात थे। इलाके में हुई पेट्रोल लूट की घटना और एक दर्जन बड़ी चोरियों का खुलासा करने के चलते वह एसओजी से भी अटैच थे। बुधवार रात करीब पौने आठ बजे उनको मुखबिर ने शमसाबाद बाइपास पर बदमाशों के आने की सूचना दी। इस पर वह मुखबिर के साथ बाइक से गए थे, थाना गढ़ी में उसे छोड़ दिया। इसके कुछ देर बाद ही अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों के आने पर उनको रोकने का प्रयास किया। रुकते ही बदमाशों ने अजय को दबोच लिया। अजय यादव की पिस्टल छीनने के बाद उनके ऊपर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फाय¨रग और सिपाही के चीखने की आवाज सुन आसपास के ग्रामीण भागकर पहुंचे। तब तक हमलावर पिस्टल लूटकर भाग चुके थे।

पूछताछ के लिए एक युवक हिरासत में

थोड़ी देर में पहुंची पुलिस खून से लथपथ सिपाही को संजय प्लेस स्थित जीजी नर्सिग होम लेकर पहुंची। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। माना जा रहा है कि बदमाश हत्या के इरादे से ही आए थे। इसके चलते शक की सुई मुखबिर पर है। पुलिस ने पूछताछ के लिए एक को हिरासत में लिया है। जानकारी पर आइजी सुजीत पांडेय, डीआइजी महेश कुमार मिश्र और एसएसपी डॉ। प्रीतिंदर सिंह मौके पर पहुंच गए। आइजी ने कहा कि हत्यारों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।