- चौराहों पर आरटीओ के साथ होंगे नुक्कड़ नाटक

- कॉलेज, स्कूलों में दिखाई जाएगी डाक्युमेंट्री

आगरा। आज से सड़क सुरक्षा सप्ताह शुरू होने जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को जागरुक करने के लिए कमर कस ली है। सर्दी के समय में अधिकतर दुर्घटनाएं होती है, इसमें नियमों की अनदेखी के चलते हादसे होते हैं। अब ट्रैफिक पुलिस चौराहों पर नाटक कर और स्कूल आदि में लेक्चर देकर जागरूकता अभियान चलाएगी।

लोगों को देंगे नियमों की जानकारी

ट्रैफिक पुलिस आज से बैरियरों पर लोगो को ट्रैफिक के नियमों की जानकारी देगी। सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारम्भ सोमवार को डीएम गौरव दयाल करेंगे। रैली सुबह नौ बजे जिलाधिकारी कैंप कार्यालय से शुरू होगी। इसमें रेड, ग्रीन, यलो लाइट, डिवाइडर, जेबरा क्रॉसिंग आदि की जानकारी दी जाएगी। सड़क दुर्घटनाओं के कारण बताए जाएंगे। विभिन्न चौराहों पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी जाएगी। अभियान में आरटीओ भी उनके साथ रहेंगे।

सिनेमा हॉल में चलेगी डॉक्युमेंट्री

ट्रैफिक पुलिस द्वारा स्कूल-कॉलेजों में सड़क सुरक्षा के संबंध में प्रोजेक्टर के माध्यम से डाक्युमेंट्री मूवी दिखाई जाएंगी। जानकारी अधिक से अधिक लोगों के देने के लिए सिनेमाघरों में भी डाक्युमेंट्री मूवी चलाई जाएगी। सिनेमा घरों में मूवी शुरू होने से पहले और इंटरवल के दौरान यह डाक्युमेंट्री दिखाई जाएगी।

वाहनों पर लगाई जाएगी रिफ्लेक्शन प्लेट

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक सर्दी में कोहरे के कारण दुर्घटनाएं अधिक होती हैं। पीछे वाला वाहन आगे वाले वाहन या सड़क किनारे खड़े वाहन को देख नहीं पाता है, इसके चलते हादसे होते हैं। इसके लिए गाडि़यों के पीछे रिफ्लेक्टर प्लेट लगाई जाएंगी।