आगरा। थाना सिकंदरा स्थित कीठम बॉर्डर पर एक पेट्रोल पंप पर रक्षा बंधन वाले दिन कार सवार बदमाशों ने कर्मचारियों की आंखों में मिर्च झोंक कर 50 हजार रुपये लूट लिए। मौके पर पुलिस पहुंच गई। पंप पर कोई सीसीटीवी कैमरे नहीं है। पंप मालिक ने कर्मचारियों पर ही शक जाहिर किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

कार से आए थे तीन बदमाश

कीठम बॉर्डर पर भारत पेट्रोलियम पर पेट्रोल पंप है। वहां पर मात्र एक मशीन व दो कर्मचारी कार्यरत हैं। पेट्रोल पंप स्वामी शैलेष प्रताप सिंह वैसे तो वहीं पर रहते हैं, लेकिन त्यौहार के चलते वह एटा चले गए थे। शाम साढ़े छह बजे महिन्द्रा कार से तीन युवक मथुरा की तरफ से आए थे। तीनों युवक कार से नीचे उतरे और कर्मचारियों से कार में डीजल डालने को बोला। उस दौरान बदमाशों ने दोनों कर्मचारियों की आंख में मिर्च पाउडर मार दिया। कर्मचारी चीखने लगे। इतने में एक कर्मचारी की जेब में रखी नगदी बदमाशों ने निकाल ली। कर्मचार संभल पाते तब तक बदमाश कार में सवार होकर मथुरा की तरफ भाग निकले।

पंप पर नहीं बेहतर सुविधाएं

मौके पर थाना सिकंदरा पुलिस पहुंच गई। एसओ अनिल कुमार के मुताबिक पेट्रोल पंप पर न तो कोई सीसीटीवी है और न हीं वहां पर कोई सुचारू व्यवस्था है। पेट्रोल पंप स्वामी मौके पर पहुंच गए। एसओ के मुताबिक कर्मचारियों द्वारा पचास हजार रुपये लूटे जाने की सूचना थी। पंप स्वामी का कहना था कि बीस से पच्चीस हजार रुपये होंगे। पंप स्वामी ने कर्मचारियों पर संदेह व्यक्त किया है, लेकिन कोई तहरीर नहीं दी है।