-वारदात को अंजाम देने के बाद मथुरा फरह की ओर भागे निकले लुटेरे

-मदद के लिए आवाज लगाने पर लुटेरों ने सड़क पर मारा महिला का सिर

आगरा। न्यू दक्षिणी बाइपास पर कीठम गांव में दिनदहाड़े महिला को लहूलुहान कर बदमाश 12 तोले सोने के जेवरात लूट ले गए। मदद के लिए आवाज लगाने पर लुटेरों ने सड़क पर मारा महिला का सिर, गंभीर हालत में महिला को हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर्स ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वारदात के एक घंटे बाद मौके पर पहुंची अछनेरा पुलिस को एसएसपी मुनिराज ने नाराजगी व्यक्त कर फटकार लगाई। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।

लूटेरों ने लातमार कर भाई-बहन को गिराया

इरादतनगर के बास दानसहाय गांव निवासी पिंकी उर्फ प्रेमलता (22) पत्‍‌नी मनीष रविवार दोपहर दो बजे मथुरा के फरह स्थित शहजादपुर निवासी भाई राजू के साथ बाइक से मायके जा रही थीं। न्यू दक्षिणी बाइपास स्थित कीठम गांव में काले रंग की बाइक पर सवार होकर पीछे से आए दो बदमाशों ने उनके गले से चेन तोड़ने की कोशिश की। चेन नहीं टूटी तो लात मारकर भाई-बहन को गिरा दिया। पिंकी का विवाह 29 जून 2020 को मनीष से हुआ था। मनीष सैन्यकर्मी हैं। वर्तमान में मणिपुर में तैनात हैं। वहीं पिंकी का भाई राजू खेती करता है।

शोर मचाने पर सड़क पर मारा महिला का सर

इसके बाद एक बदमाश ने राजू की कनपटी पर तमंचा तान दिया। यह देख पिंकी ने शोर मचा दिया। बौखलाए बदमाशों ने पिंकी का सिर सड़क पर दे मारा। इससे वह लहूलुहान हो गई। वारदात के बाद बदमाश पिंकी से बारह तोले सोने के जेवरात, जिसमें चूड़ी, सीतारामी और पैंडल लूटकर मथुरा की ओर भाग निकले। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसएसपी मुनिराज, एसपी पश्चिम सत्यजीत गुप्ता, सीओ महेश कुमार, इंस्पेक्टर अछनेरा उदयवीर सिंह मलिक पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए।

देरी से पहुंचने पर एसएसपी ने लगाई फटकार

न्यू दक्षिणी बाइपास के कीठम गांव में दुस्साहसिक वारदात दोपहर दो बजे हुई। जानकारी पर पिंकी के मायका और ससुराल पक्ष के लोग पहुंच गए लेकिन अछनेरा पुलिस नहीं पहुंची। इससे मृतका के स्वजन में नाराजगी है। पिंकी के ससुराल पक्ष के प्रमोद कुमार ने बताया कि सूचना के एक घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। राहगीर ने एसएसपी को सूचना दी तब पुलिस ने दौड़ लगाई। एसएसपी मुनिराज ने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से भी जानकारी ली। अछनेरा क्षेत्र में आए दिन हो रही घटनाओं पर उन्होंने इंस्पेक्टर को कड़ी फटकार भी लगाई।

वारदात के दौरान बदमाशों ने ढके चेहरे

वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश इकहरे बदन के बताए गए हैं। वे काली बाइक पर आए थे। दोनों के चेहरे ढंके हुए थे। वारदात के बाद वे फरह स्थित टोल प्लाजा से होकर नहीं गुजरे। पुलिस को आशंका है कि रायभा पुल से चढ़कर वे मथुरा की ओर भागे होंगे।

लुटेरों की गिरफ्तारी को लगाई तीन टीमें

मौके पर पुलिस कप्तान मुनिराज जी भी पहुंच गए। घटना का जायजा लिया। एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि युवकों को कुछ ग्रामीणों द्वारा देखा गया है। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। वहीं घटना के खुलासे के लिए सीओ अछनेरा के नेतृत्व में तीन टीमों को रवाना किया गया है।

लुटेरों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से जानकारी हांसिल की जा रही है। बाइक सवार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया है। जल्द ही उनको गिरफ्तार किया जाएगा।

मुनिराज जी, एसएसपी