- सिकंदरा सब्जी मंडी फ्लाईओवर की दूसरी लेन अब तक शुरू नहीं कर सका एनएचएआई

- शुरू की गई लेन भी नहीं है दुरुस्त, हादसे की बनी रहती है संभावना

आगरा। एनएचएआई अफसरों ने आधे-अधूरे सिकंदरा सब्जी मंडी फ्लाईओवर की एक लेन पांच नवंबर को शुरू कर खूब वाहवाही बटोर ली। लेकिन, अब ये जल्दबाजी विभाग की किरकिरी करा रही है.दूसरी लेने को एक सप्ताह में शुरु करने का दावा एनएचएआई के अफसरों द्वारा किया गया था, लेकिन अब तक शुरू नहीं किया जा सका है। वहीं, शुरू की गई लेन पर भी मरम्मत कार्य जारी है।

फिनिशिंग कार्य भी नहीं पूरा

फ्लाईओवर की पहली लेन को शुरू करने से पहले एनएचएआई के अफसरों द्वारा फिनिश्िाग तक नहीं की गई। अब क्रेन के माध्यम से मरम्मत का काम किया जा रहा है। जो लेने शुरू हो चुकी है, उसके नीचे पिट के बगल से सीमेंट लगाया जा रहा है। ऊपर से हैवी व्हीकल्स फर्राटे भर रहे हैं। ऐसे में जो भी सीमेंट मरम्मत करने में प्रयोग किया जा रहा है, ऊपर से व्हीकल्स की धमक पड़ रही है, तो सीमेंट कैसे टिक पाएगा? 21 करोड़ की लागत से बनाया गया फ्लाईओवर अभी वन-वे ही खुला हुआ है।

रॉन्ग साइड से गुजर रहे वाहन

फ्लाईओवर की बगल से रॉन्ग साइड से व्हीकल्स गुजरते हैं। ऐसे में इंडस्ट्रियल एरिया से गुजरने वाले राहगीरों के लिए रास्ते को सीमेंटेड हैवी बेरीकेड रख क्लोज्ड कर दिया है। मजबूरन राहगीरों को रॉन्ग साइड से गुजरना पड़ रहा है। आगे चलकर पेट्रोल पंप के पास से हाईवे को क्रॉस करना होता है। ऐसे में हादसे की आशंका प्रबल हो जाती है। इसके लिए कोई वैकल्पिक रास्ता भी नहीं बनाया गया है।

प्रोजेक्ट पर नजर

- एनएच-2 को सिक्सलेन करने का प्रस्ताव अक्टूबर 2012 में तैयार हुआ।

- 2015 तक पूरा किया जाना था

- 360 किमी। के हाईवे चौड़ीकरण का काम 2100 करोड़ की लागत से होना है।

- अभी तक 345 किमी। तक ही चौड़ीकरण का काम पूरा हो सका है।

जलभराव हो जाता था

सिकंदरा सब्जी मंडी के सामने जिस उद्देश्य को लेकर फ्लाईओवर बनाया गया था, वह उसी के उद्देश्य को सार्थक नहीं कर पा रहा है। बता दें ये स्थान नीचा होने के कारण हल्की सी बारिश में जलभराव हो जाता था। इसके चलते हादसे का खतरा पैदा हो जाता था। इस बारे में एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर शफी मोहम्मद ने बताया कि यह स्थान ब्लैक स्पॉट था। इसके चलते फ्लाईओवर का निर्माण कराया गया था। दूसरी लेन को भी जल्द शुरु किया जाएगा। कार्य चल रहा है।