- मामा से चल रहा था रुपये लौटाने को लेकर विवाद

- मुकदमा दर्ज कर पुलिस फरार हमलावरों की तलाश में जुटी

आगरा। सदर थाना क्षेत्र के कहरई मोड़ पर शनिवार सुबह लेनदेन के विवाद को लेकर हार्डवेयर व्यवसाई को गाली मार दी गई। आनन-फानन में घायल को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहीं, मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। हमलावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

रुपये नहीं लौटाने पर विवाद

शिव धाम कॉलोनी चमरौली निवासी गौरव शर्मा का हार्डवेयर का व्यवसाय है। कॉलोनी में ही रहने वाले मामा योगेश व मनीष को गौरव ने करीब 2 वर्ष पहले 5 लाख रुपए उधार दिए थे। तय समय पर रुपये नहीं लौटाने के चलते वह तगादा कर रहा था। इसी को लेकर मामा और भांजे के बीच विवाद चल रहा था। इसको लेकर दोनों के बीच कई बार कहासुनी भी हुई थी, लेकिन आसपास के लोगों द्वारा रुपये वापस करने का समय तय करने के बाद मामले को शांत करा दिया।

गर्दन से सटाकर गोली मारने का आरोप

शनिवार सुबह नौ बजे गौरव अपनी दुकान जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान बाइक पर आए योगेश व मनीष ने गर्दन पर सटा कर गोली चला दी। घटना के बाद मौके से भाग निकले। गोली लगने के बाद गौरव लहूलुहान हालत में वहीं गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर वहां भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर एसपी सिटी बौत्रे रोहन प्रमोद फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पूछताछ के दौरान गौरव ने बताया कि पांच लाख रुपए के लेनदेन को लेकर उसका अपने मामा योगेश व मनीष से विवाद चल रहा था। अपने रुपयों का तगादा करना उन्हें रास नहीं आ रहा था। पूर्व में भी वह धमकी दे चुके थे, आज हत्या किए जाने की नियत से हमला बोला गया है।

घायल की हालत खतरे से बाहर

विवाद के पीछे आपसी लेनदेन का मामला बताया गया है। गौरव के पिता ताज सुरक्षा थाने में हेड कॉन्स्टेबल हैं। वर्तमान में मेडिकल अवकाश पर हैं। गौरव की गर्दन में गोली लगी है। डाक्टर्स उसकी हालत खतरे से बाहर बता रहे हैं।

जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर पीडि़त के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

महेश कुमार, सीओ सदर