प्रयागराज ब्यूरो । उमेश पाल हत्याकांड में पांच लाख के इनामी शूटर अरमान बिहारी का घर कुर्क कर दिया गया है। गुरुवार को धूमनगंज पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की। उमेश पाल हत्याकांड के बाद अरमान बिहारी फरार चल रहा है। काफी तलाश के बाद भी जब अरमान नहीं मिला तो कोर्ट ने उसके खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी कर दिया। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की है।

गुड्डू को बाइक से ले गया था अरमान
उमेश पाल हत्याकांड 24 फरवरी को हुआ था। उमेश पाल की हत्या के लिए बमबाज गुड्डू मुस्लिम जिस बाइक से पहुंचा था उसे अरमान बिहारी चल रहा था। बाइक से उतरते ही गुड्डू ने बम चलाना शुरू किया था, जबकि अरमान बिहारी ने पिस्टल से फायरिंग शुरू की थी। हत्याकांड के बाद से दोनों फरार हैं। पुलिस ने अरमान बिहारी पर पांच लाख का इनाम घोषित करते हुए उसे भगोड़ा करार दिया है।

बिहार का रहने वाला है अरमान
अरमान बिहारी बिहार सासाराम का रहने वाला है। करीब बीस साल पहले होटल में मामूली हेल्पर की नौकरी करने आया अरमान बिहारी शूटर बन गया। अरमान बिहारी सिविल लाइंस में एक होटल में हेल्पर का काम करता था। उमर बढ़ी तजुर्बा बढ़ा तो अरमान ने खुद की बिरयानी की दुकान सजा ली। ये बात है 2010 की। इस दौरान अरमान गुड्डू मुस्लिम के सम्पर्क में आ चुका था। अरमान बिहारी बड़े ख्वाब देखता था। अपनी जिंदगी की शुरुआत एक होटल में हेल्पर के तौर पर करने वाले अरमान के ख्वाब बड़े बड़े थे। जिसका नतीजा रहा कि वह गुड्डू मुस्लिम के सम्पर्क में आया तो उसके तेवर कलेवर बदलने लगे। बिरयानी की दुकान चलाने वाला अरमान खुद भी पैसे कमाता था और गुड्डू के साथ रहकर वसूली करने लगा। इस दौरान वह गुड्डू के जरिए माफिया अतीक से मिला। यहीं से उसकी जिंदगी बदल गई।

शाइस्ता का बाडीगार्ड बन गया
माफिया अतीक साबरमती जेल में बंद हुआ तो अरमान बिहारी शाइस्ता का बाडी गार्ड बन गया। बिरयानी का धंधा छोड़ वह शाइस्ता के साथ रहने वाला। इसके कई वीडियो भी वायरल हुए हैं। जिसमें वह शाइस्ता के साथ नजर आ रहा है।

गुड्डू को भरोसा था अरमान पर
उमेश पाल हत्याकांड की जब साजिश रची गई तो गुड्डू मुस्लिम ने खुद को भागने के लिए अरमान का साथ चुना। गुड्डू मुस्लिम को उमेश पाल हत्याकांड में माफिया के बेटे असद को कवर देकर बचाकर निकालने के लिए लगाया गया था। मगर गुड्डू को अरमान पर ज्यादा भरोसा था इसलिए वह घटना स्थल से भागने के लिए अपने साथ अरमान को ले गया।

पुलिस ने कुर्क किया घर
महात्मा गांधी मार्ग पर सागर पेशा बस्ती में अरमान का मकान है। गुरुवार को धूमनगंज और सिविल लाइंस पुलिस अरमान के घर पहुंची। लोगों को कुर्की का अंदेशा था ऐसे में भारी भीड़ तमाशबीन बन गई। पुलिस ने एसीपी वरुण कुमार के नेतृत्व में मुनादी करवाई। इसके बाद उसके घर से तमाम सामान कुर्क कर उसे सिविल लाइंस थाने में रखवा दिया।

अरमान बिहारी उमेश पाल हत्याकांड में वांटेड है। उस पर पांच लाख का इनाम घोषित किया गया है। वह लगातार फरार चल रहा है। कोर्ट के आदेश पर उसके घर की कुर्की की गई है।
वरुण कुमार, एसीपी धूमनगंज

बाक्स
माफिया के करीबी नूर को नोटिस
माफिया अतीक अहमद का करीबी नूर के अवैध निर्माण सील किए जाने के बाद अब पीडीए ने कारण बताओ नोटिस भी जारी कर दिया है। 30 दिसंबर को पक्ष रखने के लिए पीडीए में बुलाया गया है। उचित जवाब न देने पर अवैध निर्माण को ढहाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। दो सप्ताह पहले माफिया के करीबी नूर का कसारी मसारी में अवैध निर्माण सील किया गया था।