आगरा। (ब्यूरो) थाना कमला नगर क्षेत्र के बल्केश्वर में मंगलवार महादेव मंदिर से जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली जा रही है। रथ यात्रा में शामिल होने के लिए महादेव मंदिर पर हजारों की संख्या में भक्त पहुंचे हैं। मंदिर के मुख्य गेट पर रथ खड़ा था। रथ के बिल्कुल पास एक छोटा मंच बना था। जिस पर ढोल-नंगाड़े बज रहे थे। सैकड़ों की संख्या में भक्त रथ को खींचने के लिए रस्सा हाथ में लेकर खड़े थे। अचानक रथ के पीछे हटने से महिलाएं व बच्चे दब गए। इससे चीख-पुकार मच गई। बाद में रथ को आगे की ओर खींचा गया।


रथ को रोकने के लिए दौड़े भक्त
रथ को आगे की ओर धकेला। तब जाकर नीचे दबे लोगों को बाहर निकला जा सका। रेस्क्यू की गई महिला भक्तों ने कहा कि वो नीचे आ गई थीं। लेकिन उनको कोई चोट नहीं आई है। लोगों ने समय रहते रथ को कंट्रोल कर लिया। नहीं तो गंभीर चोट आ सकती थी। भीड़ अधिक होने से रथ के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने में काफी समस्या का सामना करना पड़ा। भीड़ ने पीछे से रथ को हवा में उठा दिया, जिससे में महिलाओं को झुक कर बाहर निकलना पड़ा। इसके बाद भीड़ ने रथ को आगे की ओर धकेल दिया। तब जाकर महिलाओं और बच्चों ने राहत की सांस ली।

बड़ा हादसा होने से टला
जगन्नाथ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा होने से टल गया। अचानक रथ के आगे लोगों के दबने से वहां मौजूद कार्यकर्ताओं के हाथ पांव फूल गए। गनीमत रही कि समय रहते रथ को और आगे बढऩे से रोक लिया गया। नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। यात्रा में हजारों भक्त शामिल थे। इसकी अनुमति पहले ही जिला प्रशासन से ली गई थी। अगर, लोग मौके पर मदद को नहीं आते तो शायद बड़ा हादसा हो सकता था।

रथ यात्रा में जुटे थे हजारों की संख्या में भक्त
रथ यात्रा में शामिल होने के लिए दोपहर 2 बजे से भक्तों की भीड़ जुट गई थी। शाम 4 बजे तक बल्केश्वर महादेव मंदिर रोड पूरी तरह से भक्तों से भर गया था। भक्त ढोल नगाड़ों की थाप पर झूम रहे थे। महादेव मंदिर से रथ यात्रा शुरू होकर बल्केश्वर चौराहा, चांदनी चौक, सिटी मॉल, न्यू आदर्श नगर, पानी की टंकी, महाराजा अग्रसेन मार्ग होते हुए श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर पर पहुंचेगा।


जगन्नाथ यात्रा के दौरान कोई हादसा नहीं हुआ है, लोगों द्वारा इस संबंध में गलत अफवाह फैलाई जा रही है। रस्सी खींचने पर रथ आगे बढ़ा था, जहां कुछ महिलाएं दब गई। उनको बाहर निकाला गया, उनको कोई चोट नहीं आई है। सब ठीक है, रथ यात्रा के समय भक्तों में जोश और उत्साह है।
राहुल बंसल, आयोजन समिति के सदस्य