- कमला नगर में फंदे पर झूलता मिला ऑटो चालक का शव

- जगदीशपुरा में विवाहिता ने गले में कसा मौत का फंदा

आगरा। शहर में 24 घंटे के दौरान ऑटो चालक और विवाहिता ने खुदकुशी कर ली। कमला नगर में किराए पर रहने वाले ऑटो चालक ने तनाव के चलते अपनी जान दे दी। वहीं, जगदीशपुरा में विवाहिता ने गले पर मौत का फंदा कस लिया। मृतका के परिजन ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज के लिए उसे मारने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।

तनाव में चल रहा था मनमीत

इंस्पेक्टर कमला नगर नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि कमला नगर के ई-ब्लॉक में किराए पर रहने वाले मनमीत सिंह होरा, ऑटो चालक थे। वह सोमवार दोपहर को घर लौटे थे। पत्नी ¨रपी मोबाइल रिचार्ज कराने गई थीं। कुछ देर बाद लौटीं तो कमरे में साफी से पंखे पर फंदे से पति का शव लटका देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी। इंस्पेक्टर के अनुसार परिजन ने बताया कि मनमीत कुछ समय से तनाव में चल रहे थे।

शरीर पर थे चोट के निशान

जगदीशपुरा के जवाहरपुरम कॉलोनी की रहने वाली नाजो की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी उम्र 25 साल थी। मायके वालों का आरोप है कि पति और ससुराल वालों की पिटाई से नाजो की मौत हुई। उसके पूरा शरीर नीला पड़ा था। उस पर चोट के निशान थे। नाजो की शादी करीब छह साल पहले शाहरूख से हुई थी। उसकी ससुराल जगदीशपुरा के जवाहरपुरम में है। दंपत्ति के चार साल का बेटा व दो वर्षीय बेटी है। परिजन का आरोप है कि नाजो को पति और ससुराल वाले शादी के बाद से परेशान कर रहे थे। पति उसे आए दिन मारता-पीटता था। वह तीन महीने से मायके में थी। पति ईद के अगले दिन उसे अपने साथ लेकर आया था। वहीं ससुराल वालों ने पुलिस को बताया कि नाजो ने परिवारिक कलह के चलते कमरे में जाकर पंखे पर कपड़ा बांध खुद के गले में फंदा कस लिया। इंस्पेक्टर सुनील कुमार वर्मा ने बताया पति और देवर सलमान समेत अन्य ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।