आगरा(ब्यूरो)। शुक्रवार को महासंघ पदाधिकारियों ने निगम परिसर के ऑफिस में जाकर कर्मचारियों से समर्थन जुटाया। सभी से एकजुटता दिखाने की अपील करते हुए कार्यबंदी को सफल बनाने के लिए कहा।

एकजुटता दिखाने की अपील
उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद इलाहाबादी ने बताया कि शुक्रवार को नगर निगम के सभी दफ्तरों में जाकर महासंघ के पदाधिकारियों ने जनजागरण अभियान चलाया। सभी कर्मचारियों ने 11 बजे से धरना प्रदर्शन में शामिल होने का आश्वासन दिया। इस दौरान नगर निगम में कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा। सभी कर्मचारी कार्यों से दूर रहेंगे। इस दौरान हरीबाबू वाल्मीकि, मोहन गुलजार, राजकुमार विद्यार्थी, रोहित लवानिया, अनिल राजौरिया, संजू चौहान, सुमित चौहान, शरद थनवार, सोनू चौहान, रेशम सिंह चाहर, शिवम दिलवारिया, हरेश नरवार आदि मौजूद रहे।

ये है मांग
- कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल की जाए
- कैशलेस इलाज दिलाया जाए
- कई वर्षों से सेवाएं दे रहे आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को स्थायी किया जाए
- कोरोना काल का 18 महीने का भत्ता
- राज्य कर्मचारियों की भांति वेतन भत्ते आदि दिए जाएंगे

कार्यबंदी का क्या होगा असर
निगम के दफ्तरों में नहीं होगा कामकाज
हड़ताल के चलते नगर निगम का कामकाज प्रभावित होगा। सबसे अधिक परेशानी आम लोगों को उठानी पड़ेगी। डेथ-बर्थ सर्टिफिकेट, प्रॉपर्टी म्यूटेशन, टैक्स संबंधित विभिन्न कार्र्यों के लिए रोज बड़ी संख्या में लोग नगर निगम पहुंचते हैं। लेकिन हड़ताल के चलते उन्हें शनिवार को मायूसी हाथ लगेगी।

सड़कों पर नहीं लगेगी झाड़ू
शहर की सड़कों पर झाड़ू नहीं लगेगी। डलावघर से कूड़ा नहीं उठेगा। बाजारों में भी गंदगी रहेगी। ऐसे में जगह-जगह कचरे का ढेर नजर आ सकते हैं। साफ-सफाई नहीं होने से बाजारों में भी सफाई व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।

कर्मशाला से नहीं निकलेंगे वाहन
कूड़ा उठाने वाले और आवारा जानवरों को पकडऩे वाले वाहन नगर निगम की वर्कशॉप से नहीं निकलेंगे। ऐसे में ये सेवाएं भी प्रभावित रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन होगा
शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की जिम्मेदारी प्राइवेट कंपनी स्वच्छता कॉरपोरेशन उठाती है। ऐसे में प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करने के लिए निकलेंगे। घरों से कूड़ा कलेक्ट करेंगे। लेकिन अन्य दिनों की अपेक्षा हड़ताल के चलते ये व्यवस्था भी पटरी से उतर सकती है।

4500 से अधिक सफाई कर्मचारी
2950 करीब सफाई कर्मचारी आउटसोर्सिंग पर
100 वार्ड हैं शहर में
3.5 लाख के करीब हाउसहोल्ड
350 गाड़ी डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में लगीं हैं
180 पुश कार्ट भी कूड़ा कलेक्शन में शामिल
400 मीट्रिक टन कचरा कलेक्ट करने का दावा
800 मीट्रिक टन कचरा औसतन रोज निकलता है शहर से

13 सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ ने शनिवार को सांकेतिक कार्यबंदी का एलान किया है। इस दौरान नगर निगम में कामकाज नहीं होगा। सभी कर्मचारी धरना प्रदर्शन में शामिल होंगे।
विनोद इलाहाबाद, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ

शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन जारी रहेगा। शहर के सभी वार्डों से कूड़ा कलेक्ट कराया जाएगा।
एसपी यादव, अपर नगरायुक्त, नगर निगम