- तीन महीने में किसानों का कर्ज माफ होगा, छात्राओं को शिक्षा मुफ्त

- टूंडला और पटियाली की जनसभा में गठबंधन पर बोला हमला

आगरा। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस-सपा गठबंधन को लेकर हमलावर तेवर बना रखे हैं। उन्होंने सोमवार को कहा कि अखिलेश सरकार ने पांच साल में उत्तर प्रदेश को डुबो दिया। गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि जो पार्टी खाट पर हो, वो क्या किसी का सहारा बनेगी। वहीं राहुल गांधी को पता ही नहीं है कि वह जिस साइकिल पर बैठे हैं, वह बाप-बेटे के झगड़े में पंक्चर हो चुकी है।

प्रदेश में बढ़ा अपराध

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को मथुरा के चौमुहां, फीरोजाबाद के टूंडला और कासगंज के पटियाली में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उप्र में आपराधिक वारदातों में ताबड़तोड़ इजाफा हुआ है। दूसरी ओर, ढाई साल में बेदाग रही मोदी सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया है। मोदी की नीतियों के चलते पूरे प्रदेश में बदलाव की लहर चल रही है। भाजपा की सरकार बनना तय है।

किसानों का लोन किया जाएगा माफ

राजनाथ ने वादा किया कि भाजपा सरकार बनने पर तीन महीने में किसानों का फसली ऋण माफ कर दिया जाएगा। साथ ही एक साल ब्याज मुक्त फसली ऋण मिलेगा। बालकों की इंटर और बालिकाओं की स्नातक तक शिक्षा मुफ्त रहेगी। पुलिस भर्ती में इंटरव्यू प्रणाली खत्म कर दी जाएगी। किसानों को गेहूं, आलू, धान सहित हर फसल का पूरा समर्थन मूल्य मिलेगा।