- आक्रोशित पब्लिक ने वोट मांगने पहुंचे जगन प्रसाद गर्ग पर बोला हमला

- मौके पर जुटे भापजाई, हंगामा और धरना, कुंदनिका भी समर्थन में पहुंचीं

आगरा। बल्केश्वर में प्रचार को पहुंचे विधायक व उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जगन प्रसाद गर्ग को पब्लिक का गुस्सा झेलना पड़ा। हालात ये हो गए कि लोगों का हुजूम लाठी-डंडे लेकर विधायक के पीछे दौड़ पड़ा। लोग पीछे थे और विधायक जी आगे-आगे। विधायक पर हमले की सूचना पाकर मौके पर बड़ी संख्या में भाजपाई जुट गए। विधायक समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। तनाव व हंगामे की आशंका को देखते हुए एएसपी अनुराग वत्स पहुंच गए। विधायक की मांग थी कि हमलावर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। एएसपी ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

समर्थकों संग कर रहे थे जनसंपर्क

मंगलवार को भाजपा विधायक और मौजूदा प्रत्याशी जगन प्रसाद गर्ग सुबह 11 बजे बल्केश्वर के न्यू आदर्श नगर कॉलोनी पहुंचे। समर्थकों संग जनसम्पर्क शुरू यिका। उनके साथ पार्षद अर्चना गुप्ता, निखिल, महेश समेत तमाम समर्थक थे। विधायक न्यू आदर्श नगर के गुम्मद के पास पहुंचे। तभी एक घर से अचानक विधायक को अपशब्द कहते हुए आवाज आई कि पांच साल बाद क्यों आए हो। ये आवाज क्षेत्रीय व्यक्ति विमल गुप्ता की थी। इस दौरान उन्होंनेअपनी पत्नी से झाड़ू लाने का कहा।

सपा से चुनाव लड़ चुका है आरोपी

विधायक जगन प्रसाद गर्ग ने बताया कि इसी दौरान कई लोगों के साथ विमल गुप्ता लाठी-डंडा लेकर दौड़ पड़ा। उसने जान से मारने की धमकी देते हुए डंडा मारने का प्रयास किया। विधायक के साथ दो गनर भी थे। गनर सुरेन्द्र गौतम ने उन्हें बचाया। विधायक के अनुसार विमल गुप्ता सपा से चुनाव भी लड़ चुका है। उसने क्षेत्र में अपना खौफ बना रखा है। विधायक पर हमले की खबर मिलते ही पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री सांसद रामशंकर कठेरिया, महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे, नवीन जैन और निर्दलीय प्रत्याशी कुन्दनिका शर्मा भी विधायक के पक्ष में धरने पर पहुंच गई। विधायक का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो, वे थाने का घेराव करेंगे।

पुलिस को देखते ही फरार हुए हमलावर

पुलिस को देखते ही हमलावर मौके से फरार हो गए। घर पर ताला लगा हुआ है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी को दबिश दे रही है। विमल गुप्ता को चांदी कारोबारी बताया जाता है। विवाद के दौरान घर के पास लगे सीसीटीवी की फुटेज डिलीट कर दी गई है। एएसपी अनुराग वत्स ने बताया कि इस मामले में विधायक की ओर से मिली तहरीर पर मुकदमा लिखा गया है। एक नामजद समेत आधा दर्जन अज्ञात हैं। गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

नगला पदी में भी झेलना पड़ा था आक्रोश

ऐसा नहीं हैं कि न्यू आदर्श नगर के वाशिंदों में ही सिर्फ आक्रोश हो, नगला पदी के विद्यानगर के लोगों में भी विधायक के खिलाफ गुस्सा है। गत शुक्रवार को जनसंपर्क के दौरान विधायक को क्षेत्र में समस्याओं के लिए पब्लिक का गुस्सा भी झेलना पड़ा था। क्षेत्रीय लोगों ने विधायक को खूब-खरी खोटी सुनाई। इस दौरान विधायक को वहां से वापस लौटना पड़ा। आक्रोशित लोगों ने इस बार वोटिंग बहिष्कार का मन बना लिया है।

कभी नहीं देखी विधायक की सूरत

विद्यानगर के रहने वाले कालीचरन, जगवीर, मनोज आदि ने बताया कि हम हर बार उनको ही वोट देते आ रहे हैं। 20 वर्षो में वे एक बार भी क्षेत्र में भ्रमण करने नहीं आए हैं। वोटिंग के समय ही दिखाई देते हैं। विधायक निधि से कोई कार्य नहीं हुआ है।