-मिशन शक्ति फेस-3 के शुभारंभ अवसर पर लखनऊ में मिलेगा सम्मान

-इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री सौंपेंगे मिशन शक्ति पुरस्कार

आगरा: मिशन शक्ति फेस-3 के शुभारंभ अवसर पर शुक्रवार को लखनऊ में ताजनगरी की 3 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में आगरा समेत प्रदेश की 75 महिलाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। आगरा से विशेष व्यवस्था के साथ तीनों महिलाओं को लखनऊ भेजा गया है।

इन महिलाओं को मिलेगा सम्मान

प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए महिलाओं को सम्मानित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार की एक चयन प्रक्रिया से गुजरकर इन महिलाओं को सम्मान की सूची में शामिल किया गया है। आगरा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरीपर्वत की एएनएम नीरज बाला कुलश्रेष्ठ, पुलिस विभाग में निरीक्षक कमर सुल्ताना और नगर विकास विभाग से संबंधित सिरसा स्वयं सहायता के समूह की सदस्य नीलम सिरसा कुशवाहा को सम्मानित किया जाएगा।

जज्बे को मिला मुकाम

प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी मिशन शक्ति फेज-1 और फेस-2 के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जा रहा है। ये वे महिलाएं हैं जिन्होंने महिलाओं और बच्चों को प्रदेश सरकार की योजनाओं के साथ जोड़ा बल्कि कोविड काल के दौरान विभिन्न सेवाओं और प्रकल्पों को संचालन किया। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि चयनित महिलाओं को जिला प्रशासन की ओर से विशेष वाहन द्वारा लखनऊ स्थित आयोजन स्थल तक ले जाया गया है। सम्मान समारोह का आयोजन लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया जाएगा।