प्रयागराज ब्यूरो । मौसम का बदलाव एक बार फिर लोगों के लिए मुसीबतें खड़ी कर रहा है। ऐसा डॉक्टर्स का कहना है। हालांकि वर्तमान में खांसी, जुकाम, कफ और बदन दर्द से हजारों लोग परेशान हैं। यह वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। अस्पतालों की ओपीडी में ऐसे मरीजों की भरमार नजर आ रही है। डॉक्टर्स की माने तो दवाओं का सेवन करने से अधिकतर मरीज ठीक हो रहे हैं।
कमजोर हैं लोगो की इम्युनिटी
इस समय ओपीडी में तीस से चालीस फीसदी मरीज इन्ही लक्षणों के आ रहे हैं। इनमें सिरदर्द, खांसी, जुकाम, मांसपेशियों में दर्द, बुखार, थकान, कमजोरी जैसे लक्षण दिख रहे हैं। डॉक्टर्स की माने तो ऐसा लोगों की इम्युनिटी कमजोर होने की वजह से हो रहा है। तापमान में उतार चढ़ाव की वजह से बॉडी ठीक से खुद को एडजस्ट नही कर पा रही है। ऐसे में लोग संक्रमण का शिकार हो रहे हैं।
गले में दर्द और कफ से अधिक परेशान
सबसे ज्यादा मरीज गले में दर्द और कफ से परेशान हैं। इसकी वजह से उनको जमकर खांसी आ रही है और खाने पीने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बेली अस्पताल में शुक्रवार को दिखाने आई ममफोर्डगंज की श्वेता और गरिमा इसी दिक्कत से ग्रसित नजर आईं। इसी तरह बेली गांव की रुखसाना और दीपक ने भी ओपीडी में यही समस्या बताई। मरीजों ने बताया कि एक सप्ताह बीतने के बाद भी अधिक आराम नही मिला है। इसकी वजह से उन्हे लगातार दवा का सेवन करना पड़ रहा है।
फिलहाल फालो करिए ये डाइट
हरी सब्जियां- पालक, गोभी, भिंडी, लौकी और मेथी पालक
फल- अमरुद, केला, अनार, पपीता, संतरा, अंगूर और आंवला, विटामिन सी से भरपूर चीजें
लिक्विड- सादे पानी के साथ नारियल पानी का सेवन
ड्राई फ्रूट्स- बादाम, काजू, किशमिश, अंजीर और अखरोट
- साथ ही खाने में अदरक, लहसुन, लौंग और काली मिर्च को शामिल करिए।
इनसे करिए परहेज
पंखा, जंक फूड, मिठाई, चाय, काफी और ठंडी चीजें


घबराने की जरूरत नही है। मरीज तो इस समय काफी आ रहे हैं लेकिन यह वायरल इंफेक्शन ही है। लोगों को मौसम के हिसाब से नही चलना है। सुबह से शाम तक स्वेटर या गर्म कपड़ा पहनना है। ठंडे पानी और पंखे की हवा से खुद को बचाना है।
डॉ। आशुतोष गुप्ता, चेस्ट फिजीशियन

खानपान में खुद को स्मार्ट बनाना होगा। बाजार की चीजों को फिलहाल बाय बाय कहिए। ताजे फ्रूट्स और हरी सब्जियों का सेवन जरूरी है। इम्युनिटी को बढ़ाने के लिए विटामिन सी से भरपूर चीजों का सेवन करना जरूरी है।
डॉ। डीके मिश्रा, फिजीशियन