बहरिया के जुगुनीडीह की ग्राम प्रधान के फर्जीवाड़े का हुआ खुलासा

जांच में कम उम्र के बेटों को लाभ दिलाने की बात सामने आयी

ALLAHABAD: आर्थिक रूप से कमजोर वृद्ध लोगों को जीविका चलाने के लिए सरकार की ओर से वृद्धावस्था पेंशन दी जाती है। लेकिन इसमें भी लगातार फर्जीवाड़े का खेल सामने आ रहा है। ऐसा ही मामला बहरिया के जुगुनीडीह में भी प्रकाश में आया है। प्रधान अख्तरी बानो ने कम उम्र के बेटों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिलाते हुए लाखों का फर्जीवाड़ा किया है। मामले की शिकायत के बाद जांच में कई खुलासे हुए। इस दौरान सभी शिकायतें सही पायी गई। इसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए जांच अधिकारी ने रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी।

कागजों के साथ की छेड़छाड़

शिकायत गांव के ही शहरयार हुसैन ने समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में की थी। जांच में अधिकारी ने पाया कि ग्राम प्रधान ने 32 वर्षीय फैजान अहमद पुत्र मो। रफीक और 28 वर्षीय मो। रिजवान पुत्र रफीक को कागजों में गड़बड़ी कर वृद्धापेंशन का लाभ दिलाया है। यही नहीं आर्थिक रूप से मजबूत मो। रफीक को भी पेंशन का लाभ मिल रहा है। इस बात के भी साक्ष्य मिले की पद का दुरुपयोग करते हुए आरोपी ग्राम प्रधान ने किस प्रकार वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिलाया। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिला मजिस्ट्रेट द्वारा उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम की धाराओं के अन्तर्गत वसूली की कार्रवाई करने के लिए नोटिस जारी किया गया।