प्रयागराज ब्यूरो ।प्रयागराज। पल भर के गुस्से ने एक हंसते खेलते परिवार को बर्बाद कर दिया। घटना होली के दूसरे दिन की है।

पिता और एकलौते बेटे में हाथापाई हो गई। बेटा पत्नी के साथ घूमकर आया था। पिता ने टोका तो बहस शुरू हो गई। बहस बढ़ती गई और हाथापाई होने लगी। पिता भी तैश में बेटा भी तैश में। हाथापाई के दौरान बेटे ने धक्का दिया तो पिता गिर पड़ा। उसके सिर में चोट आ गई। अस्पताल में पिता ने दमतोड़ दिया। मां ने बेटे के खिलाफ झंूसी थाने में केस दर्ज करा दिया। पुलिस ने पिता की हत्या के आरोप में बेटे को गिरफ्तार किया है।

होली के दूसरे दिन हुई झगड़ा

झूंसी आवास विकास कालोनी के रहने वाले शिवप्रसाद इफको से रिटायर थे। वह अपनी पत्नी साधना, एकलौते बेटे विनीत, बहू और दो पोतों के साथ रहते थे। होली के दूसरे दिन विनीत अपनी पत्नी बच्चों के साथ एक रिश्तेदार के यहां गया था। रात में उसे लौटने में देर हो गई। रात में विनीत लौटा तो पिता शिवप्रसाद ने उसे टोक दिया। जिस पर पिता पुत्र में बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ी की दोनों में हाथापाई होने लगी। तैश में आए विनीत ने पिता को धक्का दे दिया। पिता का सिर दीवार से टकरा गया। सिर में गंभीर चोट आई। झूंसी में अस्पताल वालों ने हाथ खड़ा किया तो शिव प्रसाद को मेदांता ले जाया गया। जहां पर तीस मार्च को शिव प्रसाद ने दमतोड़ दिया। मामले में मां साधना ने एकलौते बेटे विनीत के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। इस मामले में पुलिस ने गुरुवार को झूंसी पुल के पास से विनीत को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विनीत को जेल भेज दिया है। विनीत प्राइवेट नौकरी करता था।

पति की हत्या के आरोप में मां ने बेटे के खिलाफ केस दर्ज कराया था। इस मामले में आरोपित बेटे को झूंसी पुल के पास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपित को जेल भेज दिया गया है।

उपेंद्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी झूंसी