प्रयागराज (ब्‍यूरो)। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं प्रयागराज शहर दक्षिणी विधायक नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने अपने विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 210 पर बूथ समिति एवं पन्ना प्रमुखों की बैठक की। इस दौरान मंत्री नन्दी ने बूथ पर रहने वाले मतदाताओं से जनसम्पर्क कर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील की। कहा कि वह अपने-अपने बूथ के अलग-अलग घरों में जाकर लोगों से सम्पर्क करें साथ ही परिवार के प्रमुख व्यक्तियों का मोबाइल नंबर पन्ना प्रमुख अवश्य दर्ज करें।

नन्दी ने कहा कि 1980 में छह अप्रैल को ही भाजपा की स्थापना हुई थी। एक अधिवेशन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी एवं लालकृष्ण आडवाणीने भाजपा की स्थापना कर एक छोटा सा पौधा लगाया था। उस समय जो पौधा रोपा गया था तब शायद ही किसी ने यह सोचा होगा कि कुछ सालों बाद वह विशाल वट वृक्ष बन कर विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन जाएगी। पार्टी के सामान्य कार्यकर्ताओं के बीच से निकले भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी आज प्रधानमंत्री के रूप में जनकल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं। मंत्री नन्दी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक दल नहीं बल्कि एक विचार है, जिसका ध्येय राष्ट्र निर्माण है।