प्रयागराज ब्यूरो । भाई अशरफ ने अपनी मर्जी से शादी कर ली तो ये बात बड़े भाई इन्जमाम को रास नहीं आई। शादी के बाद अशरफ अपनी ससुराल में ही रहने लगा। जिस पर इन्जमाम भाई अशरफ के साले अरसलान की जान का दुश्मन बन बैठा। दोनों के बीच पहले भी दुश्मनी थी। आखिरकार इन्जमाम ने अपने बहनोई सादान के साथ मिलकर अरसलान की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों अंडरग्राउंड हो गए। मगर दोनों रविवार को भागने की फिराक में थे। पूरामुफ्ती पुलिस ने दोनों को झपिया तिराहा के पास से गिरफ्तार किया है। दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

घरवालों के विरोध में की शादी
पूरामुफ्ती के इब्राहिमपुर उमरी के रहने वाले अशरफ की जान पहचान बमरौली स्टेशन शिवाला के पास रहने वाले अरसलान से थी। अशरफ का अरसलान के घर आना जाना था। इस दौरान अशरफ और अरसलान की बहन आफरीन के बीच मोहब्बत हो गई। ज्यादा दिनों तक ये बात छिपी नहीं रह पाई। अरसलान को पता चला तो वह शादी के लिए तैयार हो गया। मगर अशरफ के घरवालों को ये रिश्ता पसंद नहीं था। अशरफ को रोकने की कोशिश उसके घरवाले करने लगे।

शादी के बाद ससुराल में रहने लगा
आखिरकार अशरफ नहीं माना। आफरीन के घरवाले शादी के लिए तैयार थे, मगर अशरफ के घरवाले नहीं। जिस पर अशरफ ने अपने घरवालों के विरोध में मस्जिद में दो फरवरी को आफरीन से शादी कर ली। इसके बाद वह अपनी ससुराल में रहने लगा। ये बात अशरफ के घरवालों को नागवार गुजरी। अशरफ का भाई इसके लिए अरसलान को दोषी मानने लगा। वह अरसलान से दुश्मनी मान बैठा। उधर, अरसलान को लगा कि अब तो रिश्तेदारी हो गई है, मगर इन्जमाम बदला लेने की साजिश रचने लगा। शादी के कुछ दिनों बात इन्जमाम को पता चला कि अशरफ ने एक जमीन बेच दी है। उसकी कीमत उसे 32 लाख रुपये मिली है। सारा पैसा अशरफ ने अपने पास रख लिया है। इन्जमाम ने अशरफ को कई बार मिलने के लिए बुलाया, मगर वह मिलने नहीं आया। इस पर इन्जमाम ने अरसलान को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।


मोहब्बत की सजा साले को मिली
22 फरवरी की रात को अरसलान अपने बकरी फार्म पर था। इस दौरान इन्जमाम अपने बहनोई सादान निवासी न्यू मार्केट बमरौली के साथ पहुंच गया। अरसलान अपने साथ होने वाली घटना से बेखबर था। दोनों ने पहले अरसलान से बातचीत की। इसके बाद रस्सी से उसका गला घोंट दिया। अरसलान को मारने के बाद दोनों भाग निकले।

पूछताछ में जुर्म किया कबूल
इंस्पेक्टर अजीत प्रताप सिंह को सूचना लगी कि हत्या में इन्जमाम और सादान शामिल हैं। इंस्पेक्टर ने दोनों की तलाश शुरू कर दी। रविवार को पता चला कि दोनों झपिया चौराहा के पास हैं। इंस्पेक्टर अजीत प्रताप सिंह ने दारोगा अमित सिंह, सिपाही जितेंद्र सिंह, अतुल राय, प्रिंस यादव, दीपक यादव के साथ मिलकर दोनों को पकड़ लिया।


पकड़े गए दोनों आरोपित साले बहनोई हैं। आरोपित इंजमाम के भाई अशरफ ने अरसलान की बहन से शादी की थी। इसी खुन्नस में इन्जमाम और सादान ने मिलकर अरसलान की हत्या कर दी। दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
अजीत प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर पूरामुफ्ती