प्रयागराज (ब्‍यूरो)। धूमनगंज थाना क्षेत्र के प्रीतम नगर में व्यापारी सुशील कुमार का मकान है। बताते हैं कि आगरा स्थित रिश्तेदारी में शादी थी। लिहाजा 27 नवंबर को वह परिवार के साथ आगरा निमंत्रण में गए हुए थे। बुधवार की सुबह वह परिवार के साथ वापस घर लौटे। उन्होंने देखा तो घर में लगा ताला टूटा हुआ था। जब वह अंदर गए तो आलमारी के भी लॉक टूटे हुए थे और सारे सामान अस्तव्यस्त पड़े थे। घर की आलमारी में रखे 50 हजार रुपये कैश व एलसीडी टीवी, लैपटॉप सहित लाखों की ज्वैलरी व गैस सिलेंडर तक चोर ले जा चुके थे। कई नए कपड़े भी गायब थे। घर में हुई इस चोरी को देख सभी सन्नाटे में आ गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। चोरों की तलाश में पुलिस देर शाम तक जुटी रही।

मामले की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर गई थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चोरों की तलाश में मुखबिरों को भी लगा दिया गया है।
राजेश कुमार मौर्य थाना प्रभारी धूमनगंज