प्रयागराज (ब्‍यूरो)। रविवार से ही मौसम के तेवर में आया बदलाव सोमवार को थोड़ा और प्रभावी हो गया। दिन भर हवा चलती रही और धूप का प्रभाव कमजोर रहा। शाम को आसमान में बादलों की घेराबंदी शुरू हो गयी तो बारिश के आसार भी बनने लगे। मौसम विभाग की तरफ से संभावना जतायी गयी है कि मंगलवार को दिन में बूंदाबांदी हो सकती है। ऐसा मौसम इस पूरे सप्ताह रहने की संभावना जतायी गयी है। इसमें दो और तीन मार्च को भारी बारिश के भी संकेत हैं।

निकालने पड़े गरम कपड़े
पूरे दिन बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान एक डिग्री लुढ़क गया वहीं न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। इसकी वजह से न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी हो सकती है। सोमवार सुबह धूप नहीं खिली। हालांकि बाद में सूर्यदेव के दर्शन हुए पर कभी बादल और कभी धूप का दौर चलता रहा। अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री कम था। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार और गुरुवार को आसमान साफ रहेगा। सोमवार को मौसम में आये बदलाव के चलते लोगों को गरम कपड़े निकालने पर मजबूर होना पड़ गया। इलाहाबाद विश्वविद्यालय भूगोल विभाग के प्रो। एआर सिद्दीकी के अनुसार मार्च के पहले सप्ताह में गर्मी तेजी से बढ़ेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर जा सकता है।