प्रयागराज (ब्‍यूरो)। अतंार्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रीतमनगर की रहने वाली जान्हवी ने प्रयागराज का नाम रौशन कर दिया। उन्हे शुक्रवार को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय रचनाकार पुरस्कार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मानित किया। संगम नगरी की इस बेटी को हेरिटेज फैशन आइकन श्रेणी पुरस्कार से नवाजा गया है। इस दौरान जान्हवी ने अपने भाषण में कहा कि भारत एक खूबसूरत देश है और इसकी संस्कृति और परंपरा से जुड़ी हर चीज सुंदर है। मेरा एकमात्र प्रयास इस विरासत को आगे लाना और साड़ी जैसे फैशन के माध्यम से भारत की जड़ों को याद रखना है।

पांच लाख हैं फालोअर
बता दें कि जान्हवीं सिंह शहर पश्चिम व्यापारी महासंघ के महामंत्री, मुंडेरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष धनंजय सिंह की भतीजी है। उन्होंने बताया कि जान्हवी के पिता विनोद सिंह पटेल पेशे से व्यापारी है, माता राखी सिंह ग्रहणी है। जान्हवी ने 10वीं एयर फोर्स स्कूल बमरोली से व 12वीं की शिक्षा संस्कार इंटरनेशनल स्कूल से पास किया। बारहवीं के बाद कुछ अलग करने के चाह में उन्होंने कंटेंट क्रिएटर के रूप में काम करना शुरू किया। उनका एक अपना यूट्यूब चैनल है, इंस्टाग्राम पर इनके लगभग 5 लाख फॉलोअर है। इन्ही उपलब्धियों को लेकर पीएम ने उन्हे हेरिटेज फैशन अवार्ड दे कर सम्मानित भी किया। जान्हवी भारतीय परिधान एवं गीता पर कई रिसर्च कर रही है। अपने वीडियो के माध्यम से लोगों को भारतीय संस्कृति के बारे में प्रेरित करती है। जान्हवी की उपलब्धी पर शहर के व्यापारियों में खुशी की लहर रही। व्यापारियों ने जान्हवी के साथ ही पिता विनोद सिंह बधाई देते हुए हर्ष व्यक्त किया। बधाई देने वालों में महासंघ अध्यक्ष अखिलेश सिंह, धनजंय सिंह, राजेश गुप्ता, अतुल केसरवानी, सुरेश गुप्ता, धर्मेंद्र द्विवेदी, नरेंद्र खेड़ा, रामलोचन, सोनू साहू, ज्ञान केसरवानी, मंजीत कुशवाहा, सुनील केसरवानी, दिलजीत सिंह, अतिन गुप्ता,रतन अग्रवाल,पप्पू कलश, फय्याज अहमद, सुमन कपूर, योगेन्द्र कुशवाहा, हिमांशु निक्की गुप्ता आदि शामिल रहे।

रनिंग कर्मियों ने मनाया समारोह व संगोष्ठी
महिला दिवस पर प्रयागराज मं कार्यरत रनिंग महिला कर्मियों ने सम्मान समारोह व संगोष्ठी का आयोजन किया। जिसमे 38 महिला रनिंग कर्मियों के साथ लगभग 65 रनिंग कर्मियों ने भाग लिया। संरक्षित संचालन में महिला पायलट के योगदान के तहत एक लाख से अधिक किलोमीटर कार्य की हुई रेनू देवी यादव ने बताया कि गाड़ी संचालन में गर्व का अनुभव करती हूं। मैं जब भी ट्रेन चलाती हूं तो राष्ट्र के विकास में अपनी भागीदारी महसूस करती हूं। प्रयागराज की महिला रनिंग कर्मी ट्रेन संचालन के साथ साथ लॉबी द्वारा आयोजित रक्तदान, वस्त्रदान, योग शिविर आदि में भी अपना अमूल्य योगदान दे रहीं हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को महिलाओं ने संकल्प लिया कि हम कभी भी संरक्षित संचालन में शार्टकट तरीके नहीं अपनाएंगे। संचालन मुख्य क्रू नियंत्रक प्रयागराज वासुदेव पाण्डेय के द्वारा किया गया।

पुरस्कार जीतकर खिले महिलाओं के चेहरे
नॉर्दन फुटबॉल अकादमी की ओर से राजरूपपुर कार्यालय में आयोजन के दौरान विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस प्रतियोगिता में सभी वर्गों की महिलाओं एवं बालिकाओ ने प्रतिभाग किया। विजेताओं को कार्यक्रम के मुख्य पूर्व प्रिंसिपल मीरा घोष ने पुरस्कार दिया। जिनमें मोमबत्ती प्रजलित प्रतियोगिता में दीपमामला, दीपांजलि, हिमानी, बिंदी प्रतियोगिता में अंजना बनर्जी, रमा ओझा, सुनीता, गेस द मनी प्रतियोगिता में पूर्णिमा वर्मा, कोमल, ममता मिश्रा, रमा ओझा, गेस द कोल्ड ड्रिंक कांटेस्ट में चंदा कुमारी, अंजना बनर्जी, सुधा रानी, दीपमाला को सम्मान मिला। कार्यक्रम का संचालन इंद्रनील घोष ने किया जबकि पिंकी घोष ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

आर्ट गैलरी में कला प्रदर्शनी का आरंभ
इंटरनेशनल वुमन डे के मौके पर तीन दिवसीय नेशनल वूमेन पेंटिंग एग्जिबिशन ग्रुप शो का शुभारंभ खानम आर्ट गैलरी में हुआ। मुख्य अतिथि डॉ। जाहिदा खानम ने प्रदर्शनी का उदघाटन किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में अकादमी कलाकार रवींद्र कुशवाहा, वरिष्ठ कलाकार तलत महमूद, नित्या जायसवाल व शाहिद असगरी शामिल रहे।

महिला चित्रकारों में सादमा अंसारी, अल्पना सरकार, साधना गोस्वामी, नित्या जायसवाल, कविता एवं शेख नशरह इस्लाम को अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। महिला चित्रकारों में लखनऊ, मध्य प्रदेश, कानपुर, मुंबई, गुजरात, दिल्ली एवं प्रयागराज की मुक्ता गुप्ता डॉ। जूही शुक्ला, डॉ। कावेरी विज, साधना गोस्वामी, खान यूसुफजई, श्रद्धा सिंह आदि शामिल रहीं। चित्रकारों ने नारी चित्रण के अलावा पर्यावरण पर आधारित और एब्स्ट्रेक्ट पेस्टिंग्स में विभिन्न रंगों द्वारा अत्यंत और सुंदर कला का चित्रण किया गया। प्रदर्शनी दस मार्च तक सुबह 11 से शाम 7 बजे तक संचालित होगी।

योग का कराया अभ्यास
वहीं शिवाजी पार्क में योगा प्रशिक्षक लक्ष्मी अंजली की तरफ से महिला दिवस का कार्यक्रम किया गया। जहां महिलाओं ने विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम के साथ योगा का भी अभ्यास किया ,कार्यक्रम का संचालन ईरा सेठी ने किया।