हत्या सहित एक दर्जन से अधिक मामलों में है नामजद

चलती डीसीएम से कूदकर भाग निकला बंदी रामदास

KAUSHAMBI ( 16 July, JNN ): जिला न्यायालय से पेशी के बाद फतेहपुर जेल वापस ले जाया जा रहा बंदी रामदास मंझनपुर इलाके में चलती डीसीएम से कूदकर भाग निकला। बंदी के भागने की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जिले की सीमाएं सील कर रामदास की खोजबीन शुरू की गई मगर उसका पता नहीं चला। फरार बंदी हत्या समेत एक दर्जन से अधिक मामलों में नामजद है।

पुलिस विभाग में मचा हड़कंप

सरायअकिल थाना क्षेत्र के कोटिया गांव में रहने वाले सुखलाल पाल के पुत्र रामदास पर हत्या व हत्या के प्रयास जैसे दर्जनभर मुकदमे हैं। इन्हीं मामलों में वह कौशांबी जेल में निरुद्ध था। आठ महीने पहले कौशांबी जिला जेल में मारपीट के आरोप के बाद उसे फतेहपुर जेल में स्थानांतरित कर दिया गया था। शनिवार की सुबह फतेहपुर जेल से बंदीरक्षक यशवंत सिह, कमलापति त्रिपाठी व कृष्ण कुमार रामदास को पेशी पर मंझनपुर कोतवाली लाए थे। पेशी के बाद शाम लगभग पांच बजे सिपाही उसे सैनी कोतवाली के पास डीसीएम में बैठाकर फतेहपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही डीसीएम ने रफ्तार पकड़ी रामदास हथकड़ी पहने हुए उस पर से कूद गया और वहां पहले से खड़ी एक काली पल्सर बाइक पर सवार होकर अझुवा की ओर भाग निकला। सिपाहियों ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी तो जिले की पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरू की। रामदास की तलाश में दबिश शुरू की गई मगर रात तक पुलिस उसका सुराग नहीं लगा सकी थी।