-सिविल लाइंस में बाइक सवार बदमाशों ने लूट की नीयत से सेल्समैन को मारी गोली

-बाइक से रुपए जमा करने जा रहे दोनों सेल्समैन को लगी गोली, जख्मी

-सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, बदमाशों का चेहरा हुआ बेनकाब

ALLAHABAD: बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर सिविल लाइंस एरिया में सनसनीखेज घटना को अंजाम देकर पुलिस को एक और चैलेंज दे दिया है। कान्हा मोटर्स के सेल्समैन के बैंक पहुंचने से पहले ही उनसे 8 लाख रुपए लूटने के लिए गोली मार दी। दोनों सेल्समैन गोली लगने से जख्मी हो गए। हालांकि इसके बाद भी सेल्समैन ने बहादुरी दिखाते हुए रुपए लुटने से बचा लिया। इसके बाद बदमाश वहां से भाग निकले। भाग रहे बदमाशों का चेहरा वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। अब पुलिस वीडियो फुटेज की मदद से उन्हें ट्रेस करने में जुटी है।

सुबह जमा करना था रुपए

सिविल लाइंस एरिया में स्थिति कान्हा मोटर्स के मालिक राम गुप्ता हैं। मंडे को वहां से कलेक्शन का करीब आठ लाख रुपए बैग में लेकर दो कर्मचारी कपूर चन्द्र गुप्ता और जय करन यादव बाइक से बैंक के लिए चल दिए। जय करण यादव बाइक चला रहा था और लाखों रुपए लेकर कपूर चन्द्र गुप्ता बाइक पर पीछे बैठा था। उन्हें सिविल लाइंस शाखा स्थित आईसीआईसीआई बैंक में रुपए जमा करना था।

दस कदम की दूरी पर किया हमला

सुभाष चौराहा से आगे हॉट स्टफ चौराहे होते हुए बाइक लेकर जय करण आगे बढ़ रहा था। एक दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक भी उनके पीछे लग गए थे, जिसकी भनक तक उन्हें नहीं लगी। जैसे ही जय करन अपनी बाइक लेकर एचडीएफसी बैंक के समीप पहुंचा पीछा कर रहे बदमाशों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। उन्होंने रुपए से भरा बैग छीनना चाहा। लेकिन कपूर चन्द्र ने विरोध जताया तो एक बदमाश ने तमंचा निकाला और गोली चला दी। गोली चलाते ही जय की बाइक डिसबैलेंस हो कर गिर गई। इसके साथ ही बदमाशों की बाइक भी नीचे गिर गई। तभी एक बदमाश ने दूसरे सेल्समैन को भी गोली मार दी।

रुपए लेकर भागे सेल्समैन

जय करण को पीठ में गोली लगी और कपूर को पेट और पीठ के बीच में गोली लगी थी। दोनों जख्मी होने के बाद भी रुपए से भरा बैग लेकर पीछे की तरफ भागने लगे। गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग भी जमा हो गए। यह देख बाइक सवार बदमाशों ने हवा में तमंचा लहराया। बाइक स्टार्ट किया और आईसीआईसीआई बैंक होते हुए सीधे भाग निकले।

हॉस्पिटल ले गई पुलिस

करीब सवा दस बजे यह घटना हुई थी। कुछ ही देर बाद चौकी इंचार्ज सिविल लाइंस महेश पाण्डेय मौके पर पहुंच गए। दोनों जख्मी सेल्समैन को तत्काल स्वरूपरानी हॉस्पिटल ले जाकर एडमिट कराया। सुबह पौने ग्यारह बजे एसआरएन में उनका ट्रीटमेंट शुरू हो गया। डॉक्टर ने फ‌र्स्ट एड के बाद उनकी जांच के लिए एक्सरे कराया। एक सेल्समैन के अंदर गोली फंसी थी। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद कान्हा मोटर्स के मालिक व कर्मचारी भी हॉस्पिटल पहुंच गए। उन्होंने तत्काल बेहतर इलाज के लिए उन्हें शहर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में शिफ्ट करा दिया।

सीसीटीवी कैमरे में कैद

सरेआम लूट की सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई। एसपी सिटी राजेश यादव और सीओ एलआईयू भी मौके पर पहुंच गए। जांच के बाद स्वरूपरानी हॉस्पिटल पहुंचे। एसपी सिटी वहां पर पूछताछ में लगे रहे। तभी पता चला कि जहां घटना हुई है वहां सामने ही एक दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा है। पुलिस वहां पहुंची और सीसीटीवी कैमरे में पूरा सीन देखा। जहां बदमाशों की हरकतें कैद थीं।

कोई विरोध नहीं कर सका

पुलिस की मानें तो जहां पर घटना हुई वहां पर कई लोग मौजूद थे। लेकिन किसी ने हिम्मत नहीं दिखाई और ना ही किसी ने विरोध किया। किसी ने बदमाशों की बाइक का नंबर भी नोट नहीं किया था। जहां पर घटना हुई वहां पर पाण्डेय चाय वाले की शॉप है। उसने बताया कि उसके सामने ही बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारी है। बदमाशों के खौफ से वह सहम गया था। जब तक उसे कुछ समझ में आता तब तक बदमाश वहां से निकल चुके थे।

चंद सेकेंड का खेल

बाइक सवार बदमाशों की हरकतें सीसीटीवी कैमरे में कैद है। बदमाशों का हुलिया और उनके कारनामे कैमरे में महज कुद सेकेंड तक दिखे हैं। फुटेज में साफ दिखा कि बदमाशों ने गोली मारी तो सेल्समैन की बाइक नीचे गिर गई। उसके साथ ही बदमाशों की बाइक भी नीचे गिर गई। गोली लगने के बाद दोनों सेल्समैन उठकर भागते हैं और बाइक से उतरे एक बदमाश ने फिर फायरिंग की। अपने साथी से बाइक उठाकर चलने को कहता है। बदमाश बाइक उठाते हैं। तुरंत उनकी बाइक स्टार्ट नहीं होती। चार-छह कदम वे पैदल ही चलते हैं। फिर आसानी से भाग निकलते हैं। यह देख वहां मौजूद लोग सन्न हैं और कोई विरोध करने का हिम्मत नहीं दिखाता।

क्यों न हों हौसले बुलंद

बाइक सवार बदमाशों के हौसले क्यों न बुलंद हों। एक के बाद एक लूट की घटना को वे अंजाम दे रहे हैं और पुलिस किसी बदमाश को ट्रेस नहीं कर पा रही है। कुछ दिन पहले ही बदमाशों ने सिविल लाइंस में तरुण सांवला के तमंचा के बट से हमला कर तीन लाख रुपए लूट ले गए थे। कुछ इसी तरह ममफोर्डगंज चौराहे के पास सरिया व्यापारी से दो लाख रुपए लूट कर भाग निकले थे।

दो सेल्समैन आईसीआईसीआई बैंक में रुपए जमा करने जा रहे थे। इस दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें लूट की नीयत से गोली मारी है। जख्मी सेल्समैन का ट्रीटमेंट कराया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरे की मदद से बाइक सवार बदमाशों को ट्रेस किया जा रहा है।

राजेश कुमार

एसपी सिटी