प्रयागराज ब्यूरो । डेंगू के मच्छर को शहर अधिक रास आ रहा है। यही कारण है कि रोजाना नए मरीजों की संख्या गांव की संख्या में शहर में ज्यादा मिल रही है। शुक्रवार को भी यही हाल रहा। आठ नए मरीज जांच में सामने आए। यह सभी शहर के अलग अलग एरिया में पाए गए हैं। रूरल में एक भी मरीज डेंगू का चिंहित नही किया जा सका है। जानकारी के मुताबिक यह मरीज झलवा सुलेम सराय, कालिंदीपुरम, प्रीतम नगर, बमरौली और नीमसराय एरिया में पाए गए हैं। इन एरिया में स्वास्थ्य विभाग द्वारा फागिंग और दवा छिड़काव की प्रक्रिया कराई जा रही है।

घर के भीतर ही पनप रहा डेंगू

स्वास्थ्य विभाग की ओर से घर घर जाकर जांच कर रही टीमों की माने तो शहरी एरिया में डेंगू के लार्वा घर के भीतर ही मिल रहे हैं। खासकर कूलर में सबसे ज्यादा लार्वा अब तक पाए गए हैं। इसके अलावा गमलों, टायर, बर्तन आदि भी डेंगू के लार्वा चिंहित हुए हैं। यही कारण है कि शहर में अब तक डेंगू के 109 मरीज मिले औैर इसके मुकाबले गांव में 38 मरीज सामने आए हैं। गांव में जहां जलभराव की समस्या थी वहां पर डेंगू के मरीज मिले हैं।

अस्पतालों में भर्ती हैं अधिक मरीज

इस समय स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में कुल 147 डेंगू के मरीज हैं और इनमें से महज 12 ही अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। जबकि हकीकत कुछ और है। अस्पतालों में डेंगू के मरीजों की संख्या सौ से अधिक है। लेकिन एलाइजा जांच नही होने पर इनको पुष्ट करना मुश्किल हो रहा है। बाकी लक्षण सभी मरीजोंकके एक ही है। इसी तरह प्राइवेट अस्पतालों में भी डेंगू के मरीजों की संख्या काफी अधिक है। लेकिन यह भी स्वासथ्य विभाग के यूडीएसपी पोर्टल पर रिपोर्ट नही कर रहे हैं।

डेंगू के मरीजों को चिंहित किया जा रहा है। शहर में लोगों की लाइफ स्टाइल और लापरवाही बड़ा कारण बनी है। लोग घर के भीतर और आसपास के जलजमाव को गंभीरता से नही लेते जिससे बीमारी को फैलने में मदद मिल रही है।

आनंद सिंह, डीएमओ प्रयागराज