अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

kaushambi@inext.co.in

KAUSHAMBI: सरायअकिल के भखंदा गांव में बुधवार की देर रात अज्ञात लोगों ने युवक को गोली मार दी। तमंचे से निकली गोली युवक के पेट में जा धंसी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे इलाहाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया है।

इलाहाबाद में चल रहा है इलाज

गांव निवासी राधेश्याम का 18 वर्षीय पुत्र श्याम निषाद सरायअकिल स्थित एक इंटर कॉलेज में 11-वीं का छात्र है। बुधवार की देर शाम वह अपने कमरे में सो रहा था। रात करीब दो बजे वह घर के बाहर लघुशंका के लिए निकला था। इसी समय अज्ञात लोगों ने उसे गोली मार दी। गोली उसके पेट में लगी। इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर परिजन बाहर आते उसके पहले हमलावर फरार हो चुके थे। घटना की सूचना परिजनों ने सरायअकिल पुलिस को देकर दी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दी। डाक्टरों ने उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया। वहां अस्पताल में युवक की हालत नाजुक है। केस दर्ज कर पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।