प्रयागराज (ब्‍यूरो)। पुलिस एक्टिव हो जाए तो फिर मजाल है कि अपराधी अपराध करके निकल जाए। और ऐसा ही हुआ इस बार। पुलिस भर्ती परीक्षा में सेंध लगाने का प्लान पुलिस ने फेल कर दिया। झूंसी पुलिस ने एक ऐसे गैंग को पकड़ा है, जोकि पुलिस भर्ती परीक्षा में सॉल्वर बैठाने की तैयारी कर चुका था। मगर शनिवार को होने वाली परीक्षा के ठीक एक दिन पहले पुलिस ने सॉल्वर गैंग को पकड़ लिया। इस गैंग के पांच मेम्बर पकड़े गए हैं। इसके अलावा चार अभ्यर्थी भी पकड़े गए हैं। पूछताछ में पता चला कि सॉल्वर गैंग ने सेटिंग बना ली थी। शनिवार को यह गैंग कई अभ्यर्थियों की जगह सॉल्वर बैठाता। मगर झूंसी पुलिस ने एसओजी के साथ मिलकर सॉल्वर गैंग को गिरफ्तार कर लिया। ऐसे में शनिवार को परीक्षा सकुशल सम्पन्न हुई।

झूंसी से पकड़ा गया सॉल्वर गैंग
शनिवार को पुलिस भर्ती परीक्षा थी। ये परीक्षा चूंकि पुलिस विभाग की है, ऐसे में परीक्षा को बेदाग कराने की जिम्मेदारी पुलिस की कुछ ज्यादा ही थी। और पुलिस इस जिम्मेदारी को निभाने में खरी उतरी। शुक्रवार को झूंसी थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह को जानकारी मिली कि झूंसी त्रिवेणीपुरम में एक सॉल्वर गैंग इक_ा है। जिसने कई अभ्यर्थियों का पेपर सॉल्व कराने का ठेका लिया है। इस पर उपेंद्र सिंह एक्टिव हो गए। थाना प्रभारी ने तत्काल इसकी सूचना डीसीपी सिटी दीपक भूकर को दी। जिस पर डीसीपी ने सिटी एसओजी प्रभारी और कमिश्नर के एसओजी प्रभारी मनोज सिंह को मदद के लिए लगा दिया। पुलिस टीम ने एक साथ त्रिवेणी पुरम में दबिश दी। वहां पर दो कार से आए नौ लोगों को हिरासत में ले लिया। सभी को झूंसी थाने लाकर पूछताछ की गई। पता चला कि पकड़े गए लोगों की सूचना सही थी। पकड़े गए लोग सॉल्वर गैंग के हैं।

पांच सॉल्वरों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने थाना बहरिया के अतनपुर के रहने वाले विजय कांत पटेल, थाना बहरिया के कपसा के रहने वाले विकास कुमार और विजय बहादुर यादव, थाना सोरांव के जमुई गांव के रहने वाले निगम पटेल, थाना फूलपुर के कठरौली के रहने वाले मनीष पटेल को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा चार अभ्यर्थी भी पकड़े गए हैं। मगर पुलिस ने इनके नामों का खुलासा नहीं किया है।

कई केस दर्ज हैं आरोपितों पर
विजय कांत पटेल पर फाफामऊ थाने, कानपुर के गोविंदनगर थाने और वाराणसी के शिवपुर थाने में केस दर्ज है। ये सभी मुकदमें परीक्षा में सॉल्वर बैठाने को लेकर दर्ज किए गए हैं। पुलिस को लंबे समय से विजय कांत की तलाश थी। मगर इस बार विजय कांत पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इसके अलावा विकास कुमार पर कानपुर के थाना पनकी और मनीष पटेल पर थाना शिवकुटी में दो केस दर्ज हैं। जिसमें से एक केस गैंगेस्टर का है।

बीस लाख में हुआ था सौदा
फौरी तौर पर पता चला है कि सॉल्वर गैंग ने अभ्यर्थियों से करीब बीस लाख रुपये में सौदा तय किया था। प्लान के मुताबिक अभ्यर्थियोंं की जगह सॉल्वर को बैठाना था। पकड़े गए विजय कांत पटेल, विकास कुमार और मनीष पटेल पूर्व में भी परीक्षा में सॉल्वरों को बैठाने को लेकर आरोपित हैं।

7 स्मार्ट फोन बरामद
2 कार बरामद।
16 एडमिट कार्ड बरामद
4 इलेक्ट्रानिक डिवाइस बरामद।
4 वॉइस रिसीवर बरामद।

पुलिस भर्ती परीक्षा में सॉल्वर बैठाने वाले गैंग को पकड़ा गया है। नौ लोग पकड़े गए हैं। जिसमें से चार अभ्यर्थी हैं। पांच सॉल्वर गैंग चलाते हैं। इन लोगों ने अभ्यर्थियों को मिलने के लिए त्रिवेणीपुरम में बुलाया था। इस दौरान सभी की गिरफ्तारी की गई।
उपेंद्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी झूंसी

पुलिस भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी करने की योजना बना रहे पांच साल्वरों को पकड़ा गया है। झूंसी पुलिस और एसओजी ने कार्रवाई की है। सॉल्वर गैंग ने अपनी पूरी तैयारी की थी। मगर गैंग का प्लान पुलिस ने फेल कर दिया। इस गैंग में कई सदस्य हैं। सभी की तलाश चल रही है।
दीपक भूकर, डीसीपी सिटी

डीएम पहुंचे बिशप जॉनसन
शनिवार को डीएम नवनीत सिंह चहल ने बिशप जॉनसन कालेज का निरीक्षण किया। यहां पर पुलिस भर्ती परीक्षा चल रही थी। डीएम ने कालेज के कंट्रोल रूम से हो रही परीक्षा को देखा। डीएम के मुताबिक जिले में सभी सेंटरों पर परीक्षा सकुशल सम्पन्न हुई।

9 पकड़े गए मऊ जिले में।
3 पकड़े गए कौशाम्बी में।
2 पकड़े गए झांसी में।
8 पकड़े गए गाजीपुर में।
1 पकड़ा गया बलिया में।
2 पकड़े गए वाराणसी में।
2 पकड़े गए आगरा में।
15 पकड़े गए एटा में।
3 पकड़े गए हाथरस में।
4 पकड़े गए फिरोजाबाद में।
2 पकड़े गए कानपुर में।
1 पकड़ा गया देवरिया में।
5 पकड़े गए जौनपुर में।
1 पकड़ा गया बिजनौर में