आरोपी को गिरफ्तार न करने पर पुलिस पर लगे सवालिया निशान

पैसे और बंगले के लालच में किया था कोख का सौदा

पुलिस के बुलावे पर भी मेडिकल जांच के लिए नहीं पहुंची थाने

ALLAHABAD: ऐश से जीवन बिताने और रानी बनने के ख्वाब ने एक महिला का जीवन बर्बाद कर दिया। इस लालच में उसने अपनी कोख भी बेच दी। अब वह न घर की रही न घाट की। विवाहिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चुकी पुलिस ने अभी तक आरोपी युवक को गिरफ्तार नहीं किया है, जिससे उसकी कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगने लगा है। तहरीर में मंत्री का जिक्र आने के बाद पुलिसिया महकमे के होश उड़े हुए हैं। कुल मिलाकर इस मामले में अभी तक कोई ठोस कदम नही उठाया जा सका है, जबकि विवाहिता छह महीने का गर्भ लेकर इंसाफ की तलाश में भटक रही है।

पति से विवाद के बाद भटकी

कौशांबी के पिपरी इलाके की इस महिला की जीवन यू ही बर्बाद नहीं हुआ। तीन बच्चे होने के बाद इसका पति से विवाद हो गया। आपसी अनबन के चलते यह परिवार से अलग हो गई। यह ठिकाने की तलाश में थी कि तभी इसकी मुलाकात पड़ोसी गांव के युवक सरजू से हुई। उसने विवाहिता को रानी बनाने का ख्वाब दिखाया। सरजू ने बताया कि एक नि:संतान मंत्री को बच्चा पैदा करके देने पर पांच लाख रुपया और इलाहाबाद में आलीशान बंगला मिलेगा। साथ ही प्रतिमाह दस हजार रुपए खर्च भी दिया जाएगा। इस लालच में आकर विवाहिता ने अपनी कोख बेचने का फैसला कर लिया और युवक के साथ रहने लगी।

पुलिस ने दर्ज कर लिया मुकदमा

जब विवाहिता गर्भवती हो गई तो आरोपी सरजू अपने वादे से मुकर गया। इससे आहत महिला ने अपने पति और परिजनों को आपबीती सुनाई। उन्होंने भी साथ देने से इंकार कर दिया। फिलहाल, विवाहिता की तहरीर पर पिपरी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बावजूद इसके पुलिस ने अभी तक सरजू को हिरासत में नहीं लिया है। अभी तक सिर्फ जांच का आश्वासन ही दिया जा रहा है। इस मामले में पुलिस खुलकर भी नहीं बोल रही है।

मेडिकल कराने नहीं आई विवाहिता

पिपरी इलाके की विवाहिता ने कोख बेची कि नहीं, इसका खुलासा मेडिकल परीक्षण के बाद ही हो सकेगा। यह भी पता चलेगा कि वह गर्भवती है या नहीं। उधर, पुलिस रविवार को दिनभर विवाहिता का इंतजार करती रही लेकिन वह नहीं आई। पुलिस के बुलाने के बाद भी पीडि़ता थाने नहीं पहुंची। उसके नहीं पहुंचने से इलाके चर्चाओं का बाजार गर्म हो चला है।

पुलिस की भूमिका पर सवाल

कोख का सौदा करने वाली पिपरी की विवाहिता को इंसाफ मिलेगा कि नहीं? मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी युवक को पुलिस क्यों नहीं गिरफ्तार कर रही है? मामले को दबाने में पिपरी पुलिस कहीं खेल तो नहीं कर रही है? इसके अलावा पिपरी की विवाहिता ने तहरीर में सरजू के अलावा एक मंत्री का जिक्र भी किया है। आखिर मंत्री कौन है। जिसने सरजू से बच्चे की मांग की थी। तहरीर में मंत्री का जिक्र किए जाने से पिपरी पुलिस के होश उड़े हुए हैं। इसको लेकर पुलिस की भूमिका पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। और तो और, पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर मंत्री के बारे में जानकारी भी एकत्र नहीं की है। जिससे यह पता नहीं चल पा रहा किस मंत्री को संतान मुहैया कराने के लिए विवाहिता को कोख बेचने का लालच दिया गया था।

पिपरी इलाके की महिला ने रुपए की लालच में कोख का सौदा किया। मामला संज्ञान में आया है। मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। पुलिस को जांच के निर्देश दिए है। जो भी दोषी सामने आएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वीके मिश्र, पुलिस अधीक्षक कौशांबी