प्रयागराज ब्यूरो । नवाबगंज में एक हिस्टीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हिस्ट्रीशीटर हाल ही में जेल से छूटकर आया था। हिस्ट्रीशीटर अपने दो साथियों के साथ था। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर का साथियों से झगड़ा हो गया। एक साथी ने हिस्ट्रीशीटर को गोली मार दी। घटना एक अस्पताल के पीछे हुई। गोली मारने के बाद हिस्ट्रीशीटर के साथी फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। वहां पर घायल हिस्ट्रीशीटर को देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस हिस्ट्रीशीटर को पास के अस्पताल ले गई। खून लगातार बहने की वजह से अस्पताल कर्मियों ने जवाब दे दिया। हिस्ट्रीशीटर को एसआरएन लाया गया। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साथ में रहने परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने दो साथियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।
रामपुर का रहने वाला था रितिक
नवाबगंज थाना क्षेत्र के रामपुर गांव का रहने वाला रितिक सिंह बेहद शातिर अपराधी था। एक के बाद एक कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज होने के बाद नवाबगंज पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट खोल दी। जिसके बाद से वह नवाबगंज एरिया से बाहर रहकर अपराध करने लगा।
जेल से छूटकर आया था रितिक
हिस्ट्रीशीटर रितिक जौनपुर में आम्र्स एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। इस मामले में नवाबगंज पुलिस ने रितिक को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मामले में जमानत पर वह हाल ही में जेल से छूटकर आया था।

दो दिन पहले चोरी की थी बाइक
दो दिन पहले नवाबगंज से एक बाइक चोरी हुई। बाइक बृजेश सिंह की थी। पुलिस ने इस मामले में बाइक चोरी का केस दर्ज किया। घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे से पता चला कि बाइक रितिक ने चोरी की है। इसके बाद पुलिस रितिक की तलाश में लगी थी।

घटना स्थल मिली बाइक
नवाबगंज में एक हास्पिटल के पीछे बाग में रितिक और उसके दो साथी करीब साढ़े चार बजे पहुंचे। तीनों वहां पर चोरी की रकम के बंटवारे के लिए गए थे। वहां पर तीनों के बीच रकम के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। रितिक के पास तमंचा था। उसने तमंचा निकालकर अपने साथियों पर तान दिया। इस पर दोनों ने रितिक को पीटना शुरू कर दिया। रितिक ने भागकर गोली चलाने की कोशिश की। मगर उसके एक साथी ने पहले गोली चला दी। गोली रितिक के पैर में लगी। गोली के छर्रे आरपार हो गए। रितिक की जांघ से खून बहने लगा। यह देख उसके दोनों साथी भाग निकले। गोली चलने की आवाज पर अस्पताल के आसपास मौजूद लोग बाग में पहुंचे। वहां पर रितिक लहुलूहान हाल में पड़ा था। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने पुलिस और रितिक के परिजनों को सूचना दे दी। आननफानन में पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस बीच उसके परिजन भी आ गए। घटना स्थल पर चोरी की बाइक, तमंचा और कारतूस मिला। रितिक को पुलिस पास के अस्पताल ले गई। वहां पर उसके पैर से लगातार खून बह रहा था। अस्पताल के कर्मचारियों ने हालत खराब देख जवाब दे दिया। जिस पर पुलिस रितिक को एसआरएन ले गई। मगर रास्त में ही उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने काटा हंगामा
एसआरएन अस्पताल में रितिक की मौत को लेकर परिजन हंगामा करने लगे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने रितिक को अस्पताल पहुंचाने में देर की। जिससे उसका खून ज्यादा बह गया। उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने सभी को समझाबुझाकर शांत किया। परिजनों ने रितिक के दो साथियों के खिलाफ तहरीर दी है।


रितिक नवाबगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश था। चोरी के सामान के बंटवारे के दौरान उसका साथियों से झगड़ा हो गया। इस दौरान उसे गोली मार दी गई। परिवार वालों ने तहरीर दी है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।
अभिषेक भारती, डीसीपी गंगापार