प्रयागराज (बयूरो)। होली पर जमकर रंग बरसा। सोमवार, मंगलवार दो दिन पूरा शहर होली की मस्ती में डूबा रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में होली के त्योहार को लेकर उत्साह रहा। युवाओं ने एक दूसरे को रंग, अबीर, गुलाल लगाकर होली की बधाई दी तो बुजुर्गों का पैर छूकर आर्शीवाद लिया। मंगलवार महिलाओं की टोली निकली। वहीं, लोकनाथ में कपड़ा फाड़ होली हुई तो दारागंज में दमकल युद्ध का मजा होलियारों ने लिया।

युवाओं ने जमकर खेली होली
सोमवार सुबह से ही रंग चलना शुरू हो गया। दोपहर तक रंग का दौर चला। मोहल्लों में जगह जगह युवाओं ने डीजे लगा रखा था। डीजे की फिल्मी धुनों पर युवा नाचते गाते थिरकते रहे। बच्चों में भी खासा उत्साह रहा। अपने घरों की छतों से और घर के सामने जमा बच्चे आने जाने वालों पर पिचकारी से रंग डालते रहे। तमाम बच्चों ने गुब्बारों में रंग भरकर लोगों पर फेंके। दोपहर बाद मोहल्लों में लोग एक दूसरे से होली मिलने के लिए घरों से निकले। लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

लोकनाथ में हुई कपड़ा फाड़ होली
शहर में होली पर चर्चा हो और लोक नाथ का नाम न आए ये हो नहीं सकता। लोकनाथ पर दस बजे के करीब युवाओं का जमघट लगना शुरू हो गया। इसके बाद फिल्मी धुनों पर नाचते गाते युवाओं ने जमकर रंग खेला। सोम और मंगल दोनों ही दिन लोकनाथ में कपड़ा फाड़ होली खेली गई। जो भी होली खेलने पहुंचा वह बगैर शर्ट, टी शर्ट के ही वापस लौटा।

घरों से निकली महिलाओं की टोली
मंगलवार को दूसरे दिन होली महिलाओं ने खेली। मोहल्लों में महिलाओं के जत्थे निकले। दस, पंद्रह की झुंड में निकली महिलाओं ने जमकर एक दूसरे को रंग लगाया।